फर्रुखाबाद। छह दोस्तों के साथ स्कूल बंक कर गंगा स्नान करते वक्त लापता हुए दो छात्रों में से एक का शव बरामद हो गया। पुल के पूर्व दिशा में किला घाट के पास शव मिला। गोताखोरों ने उसे बाहर निकालकर परिजनों को सूचना दी।
शहर के जसमई दरवाजा और पश्चिम रेलवे क्रासिंग निवासी छह दोस्त 11 सितंबर को घर से स्कूल के लिए निकले थे, मगर पांचाल घाट दुर्वासा ऋषि आश्रम पर गंगा स्नान करने पहुंच गए। नहाते वक्त सभी डूब गए। चार को बचा लिया गया, मगर जसमई का अभय राठौर (17) और रेलवे क्रासिंग निवासीगौरव यादव (18) का पता नहीं चल सका।
गौरव यादव का शव बुधवार दोपहर किला घाट के पास एक संत ने देखा। उसकी सूचना पर पहुंचे गोताखोरों ने शव निकाला। परिजनों को सूचना मिली तो कोहराम मच गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पंचनामा भरा है। गौरव के एक भाई सौरभ और बहन सविता हैं। मां गुड्डी देवी का रो-रो कर बुरा हाल है। गौरव के पिता पुष्पेंद्र यादव मूल रूप से गांव मिल्क सुल्तान पट्टी के निवासी हैं। उन्होंने बच्चों को पढ़ाने के लिए यहां मकान बनवा लिया था।