शहर के मठिया देवी मंदिर के पास दुकान में चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। शहर के पल्ला मठिया देवी मंदिर के पास चोर ताले तोड़कर डेढ़ लाख रुपये कीमत की पीतल की मूर्तियां, तांबे के बर्तन और सिंहासन ले गए। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। दुकान स्वामी ने तहरीर दी है। पुलिस ने जांच की है।
शहर के मोहल्ला रस्तोगी निवासी सागरिका रस्तोगी की पूजा के सामान की दुकान पल्ला मठिया मंदिर के पास है। मंगलवार रात करीब 11 बजे सफाई करने के बाद सागरिका रस्तोगी ने दुकान बंद की थी। बुधवार सुबह पड़ोसी ने फोन कर बताया कि दुकान के पिछवाड़े गैलरी वाले गेट का ताला टूटा है। सागरिका और अनिल रस्तोगी पहुंचे। चोर दुकान के पीछे खाली जगह में रखी पीतल की मूर्तियां, तांबे के बर्तन, सिंहासन आदि सामान निकाल ले गए थे।
सागरिका ने बताया कि दुकान में कम जगह है। लिहाजा खाली जगह में सामान रखते थे। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर वेदप्रकाश पांडेय ने घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर पर लगे सीसीटीवी कैमरों को देखा तो चोर दिखाई दिए। सुबह करीब 3 बजे एक कूड़ा बीनने वाला रिक्शा गली के सामने रुका। उसमें से दो युवक उतरकर एक बोरी लेकर अंदर चले गए। वापस आते हुए भी कैद हुए हैं। पुलिस ने खोजबीन शुरू कर दी है। दुकान स्वामी सागरिका ने बताया कि करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान चोरी हुआ है। तहरीर दे दी गई है।