कायमगंज। सीपी स्कूल के शिक्षक की राजस्थान जाते समय सड़क हादसे मौत हो गई। इसकी सूचना पर घर में कोहराम मच गया।
गांव दत्तू नगला निवासी किशन श्रीवास्तव (45) सीपी इंटर कालेज में अंग्रेजी के शिक्षक थे। रविवार को वे अपने बेटे लकी (15) की कोचिंग की तैयारी के लिए कार से राजस्थान जा रहे थे। तभी रास्ते में बीकानेर रोड पर सीकर चौराहे के पास एक मेडिकल स्टोर से कुछ दवा लेने के लिए कार से उतर रहे थे। उसी समय एक बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे उनकी कुछ देर के बाद वहीं मौत हो गई। साथ जा रहे बेटे लकी ने परिजनों को सूचना दी। इस पर घर में कोहराम मच गया। परिवार के कुछ लोग घटना स्थल के लिए रवाना हो गए।
छोटे भाई शैलेंद्र ने बताया कि राजस्थान से शव लेकर चल दिए हैं। घर पर शिक्षक की पत्नी रश्मि व मां मिथलेश कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उनके एक पुत्री ब्यूटी (18) व एक पुत्र लकी है। सूचना मिलते ही स्कूल में उनके साथी शिक्षक व प्रबंध तंत्र ने दुख प्रकट किया है।