नवाबगंज। पुलिया निर्माण के विवाद में युवक की पीटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने प्रधान सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
थाना क्षेत्र गांव भगौरा निवासी लल्लू सिंह राघव गुरुवार रात गांव के बाहर खड़ा था। गांव के बाहर पुलिया बनाने को लेकर नापजोख की जा रही थी। गांव के ही कर्मवीर ने पुलिया कुछ दूर आगे बनाने की बात कही। लल्लू ने पुलिया पहले से तय स्थान पर बनाने के लिए कहा। इस पर कर्मवीर, उसके भाई धर्मवीर ने गांव के प्रधान संजीव कुमार के साथ लल्लू के साथ गालीगलौज और मारपीट की। इससे लल्लू सड़क पर सिर के बल गिर पड़ा। परिजन घायल लल्लू को घर लेकर आ गए। कुछ देर बाद ही उसने दम तोड़ दिया।
भतीजे आदेेश कुमार राघव ने प्रधान संजीव कुुमार, कर्मवीर, धर्मवीर के खिलाफ मारपीट कर हत्या करने का मुकदमा दर्ज कराया है। शुक्रवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।