यूपी के इटावा की फ्रेंडस कालोनी निवासी सिपाही सौरभ यादव 2005 में पुलिस में भर्ती हुआ था। वह फतेहगढ़ के मोहल्ला नवदिया में सत्यप्राकश शुक्ला के मकान में किराए पर रहता था। उसकी इन दिनों फतेहगढ़ पुलिस में तैनाती थी।
फर्रुखाबाद में फंदे पर लटके मिले सिपाही की मौत की जांच 24 घंटे बीतने के बावजूद एक कदम भी आगे नहीं बढ़ पाई है। सिपाही का मोबाइल फोरेंसिक टीम के कब्जे में है। कोतवाल का कहना है कि मोबाइल मिलने पर जांच शुरू की जाएगी। अभी तक परिजनों ने तहरीर नहीं दी है।
विज्ञापन
इटावा की फ्रेंड्स कॉलोनी पीएसी वाली गली निवासी सौरभ यादव (35) फतेहगढ़ पुलिस लाइन में तैनात था। वह फतेहगढ़ के मोहल्ला नवदिया में किराए के कमरे में रहता था। बुधवार सुबह दूसरे कमरे में किराए पर रहने वाले व्यक्ति ने सिपाही को फंदे पर लटका देखकर मकान मालिक को सूचना दी थी।
मौके पर पहुंची पुलिस को सिपाही का मोबाइल टूटा और वर्दी फटी मिली थी। फोरेंसिक टीम ने मोबाइल व वर्दी को कब्जे में लेकर उंगलियों के निशान भी लिए थे। सिपाही की पत्नी रश्मि उर्फ प्रीती यादव ने हत्या कर शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया था। कोतवाल जयप्रकाश पाल का कहना है कि मोबाइल फोरेंसिक टीम के पास है। जब वह जांच पूरी करके मोबाइल देंगे तो यह पता किया जाएगा कि सिपाही से आखिरी बार किसने बात की।
विज्ञापन
डेढ़ माह पहले ही लाइन में कराई थी आमद
सिपाही सौरभ यादव दो वर्ष पहले मोहम्मदाबाद क्षेत्र में हुई दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसका नर्सिंगहोम में इलाज चल रहा था। डेढ़ माह पहले की सौरभ ने पुलिस लाइन में आमद करवाई थी।