फर्रुखाबाद में व्यापारी पर जानलेवा हमले और रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने बसपा नेता डॉ. अनुपम दुबे के भाई अनुुराग दुबे उर्फ डब्बन को गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया गया। मुकदमे के दो आरोपी दो दिन पहले जेल भेजे जा चुके हैं।
शहर के मोहल्ला मजीद स्ट्रीट निवासी व्यापारी मोहन अग्रवाल ने 10 अक्तूबर 2020 को मोहल्ला वृंदावन गली निवासी सोनी रस्तोगी, वंशी रस्तोगी, गौरव गुप्ता और 30 अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि तमंचे और लाठी-डंडे लेकर दरवाजे पर आकर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी।
रंगदारी जमीन लिखाने (खरीदने) के एवज में मांगी गई। रुपये देने से मना करने पर फायर कर दिया, जिसमें वह बाल बाल बचे। आरोप है कि हमलावरों ने दरवाजा उखाड़ कर फेंक दिया और जान से मारने की धमकी देकर चले गए। सीओ सिटी नितेश सिंह की विवेचना में फतेहगढ़ के मोहल्ला कसरट्टा निवासी बसपा नेता डॉ. अनुपम दुबे के ठेकेदार भाई अनुुराग दुबे उर्फ डब्बन का नाम प्रकाश में आया।