फर्रुखाबाद। राजेपुर ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत भुसेरा में बिना काम कराए फर्जी तरीके से भुगतान निकालने में ग्राम विकास अधिकारी को निलंबित कर दिया गया। बीडीओ मोहम्मदाबाद को जांच अधिकारी नामित किया गया है।
राजेपुर की ग्राम पंचायत भुसेरा के पंचायत भवन में धांधली होने की सीडीओ से शिकायत पर जांच कराई गई। इसमें पता चला कि ग्राम पंचायत भुसेरा में पंचायतघर की निर्माण सामग्री का एक ही फर्म प्रजापति ट्रेडर्स एंड जनरल आर्डर सप्लायर को भुगतान किया गया है।
एक ही तिथि में पांच सामग्री के वाउचर लिए गए। जबकि उस दौरान दिलीप कुमार वहां के ग्राम पंचायत सचिव नहीं थे। भुगतान के वाउचर पर ओवरराइटिंग मिली।
कार्य के आधार पर मजदूरी के मस्टर रोल भी नहीं पाए गए। 30 जुलाई से सात अक्तूबर तक एक लाख 85 हजार 950 रुपये ग्राम पंचायत के खाते से निकाले गए, लेकिन काम नहीं कराया गया। इस पर जिला विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार पाठक ने ग्राम विकास विकास अधिकारी दिलीप कुमार को निलंबित कर दिया।
निलंबन अवधि में बीडीओ राजेपुर के कार्यालय से संबद्ध करते हुए ब्लॉक मोहम्मदाबाद के बीडीओ को जांच सौंपी है। उन्हें 15 दिन के अंदर आरोपपत्र दाखिल करने के आदेश दिए हैं।
इसके अलावा कायमगंज क्षेत्र की ग्राम पंचायत मिस्तनी में अंत्येष्टि स्थल के निर्माण में भी सचिव ने एक ही फर्म को निर्माण सामग्री का नियम से अधिक भुगतान कर दिया।
इस मामले की जिला विकास अधिकारी ही जांच कर रहे हैं। डीडीओ योगेंद्र कुमार पाठक ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।