शमसाबाद (फर्रुखाबाद)। पंखे का तार निकालने के दौरान करंट की चपेट में आने से किसान की मौत हो गई। शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव समसपुर भिकारी निवासी राजकिशोर दुबे (60) रविवार की सुबह बिजली के बोर्ड से पंखे का तार निकाल रहे थे। उसी दौरान उनके हाथ में तार छू गया। करंट लगने से उनकी मौत हो गई। राज किशोर के पुत्र दीपक ने बताया कि 15 दिन पूर्व ताऊ रामकिशोर की भी मौत हो गई थी। उनका तेरहवीं संस्कार दो दिन पहले हुआ था। रविवार सुबह पिता की करंट लगने से मौत हो गई। भाई श
शांक, बहन जॉली और मां सुमन देवी का रो-रो कर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष दिग्विजय सिंह ने बताया कि पुत्र की तहरीर पर सूचना दर्ज करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
तार टूटकर गिरने से दो भैंसें मरीं
राजेपुर। गांव डबरी निवासी देशराज भैंस को घर के बाहर बांधते हैं। उन्होंने शनिवार रात को दो भैंसें घर के बाहर बंधी थीं। रात में एलटी लाइन का तार टूट कर दोनों भैंसों पर गिर गया। करंट लगने से दोनों की मौत हो गई। देशराज ने घटना की जानकारी थाने में दी। एसओ दिनेश कुमार गौतम ने बताया कि घटना की जानकारी पर पशु चिकित्साधिकारी को दोनों पशुओं का पोस्टमार्टम करने की सूचना दी है।(संवाद)