संकिसा (फर्रुखाबाद)। सिंघाड़े की फसल की रखवाली करने गए किसान का शव बबूल के पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटका मिला। ग्रामीण की सूचना पर पुत्र ने शव को फंदे से उतार लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मेरापुर थाना क्षेत्र के गांव बिजौरी निवासी जवाहरलाल (55) बुधवार रात आठ बजे घर से तालाब पर सिंघाड़े की फसल की रखवाली करने गए थे। रात में अपने अंगौछे से तालाब के पास खड़े बबूल के पेड़ पर फांसी का फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली।
गुरुवार सुबह ग्रामीण खेत पर गए तो जवाहरलाल का शव फंदे पर लटका देखा। सूचना पर पुत्र रोहित परिजनों के साथ तालाब पर पहुंचा। रोहित ने शव को उतारकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस को बेटा आत्महत्या का कारण नहीं बता पाया। पत्नी मैनावती छोटे पुत्र मोहित के साथ दिल्ली में रहती हैं। पिता के साथ बेटी दिशा व रोहित रहता था।