कायमगंज। नगर के जटवारा मोहल्ला में एक प्राइवेट बस के टिकट बुकिंग कर्मचारी ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जटवारा निवासी आदेश राठौर की मां मालती देवी मंगलवार शाम रेलवे रोड मोहल्ले में रहने वाले एक रिश्तेदार के यहां गई थीं। आदेश घर में अकेला था। आदेश ने कमरे में साड़ी को कुंडे में बांधकर फांसी लगा ली। जब उसकी मां घर लौटी तो बेटे को फंदे में लटका देख चीख पुकार मचाई। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मां मालती देवी ने बताया कि आदेश दो भाई थे। बड़ा भाई सर्वेश पत्नी व बच्चों के साथ अलग रहता है। आदेश दिल्ली जाने वाली प्राइवेट बस की टिकट बुकिंग का काम करता था। उसकी कमाई से ही घर का खर्च चलता था। पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। बहन की शादी हो चुकी है। आदेश के फांसी लगाने की वजह परिजन नहीं बता सके।