फर्रुखाबाद। गणतंत्र दिवस समारोहों में कोविड नियमों करने के संबंध में संयुक्त शिक्षा निदेशक बेसिक गणेश कुमार ने गाइड लाइन जारी की है। सरकारी दफ्तरों में सुबह साढ़े आठ बजे और शिक्षण संस्थानों में 10 बजे राष्ट्र ध्वज फहराया जाएगा। कहा कि जिन्हें खांसी, जुकाम, बुखार के लक्षण हों, वह कार्यक्रमों में शामिल न हों।
गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने वाले शिक्षक, छात्र व अन्य व्यक्ति मास्क लगाकर आएंगे। उनकी थर्मल स्कैनिंग करनी होगी और दो गज की दूरी का पालन करना होगा। शिक्षण संस्थानों में सैनिटाइजर की भी व्यवस्था की जाएगी। शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रगान के बाद विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम का इतिहास संक्षेप में बताया जाए।
राष्ट्रीय युद्ध स्मारक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, वीरता पुरस्कार विजेताओं के संबंध में नाटक, निबंध लेखन, चित्रकला, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। आजादी के अमृत महोत्सव के साथ चौरीचौरा शताब्दी महोत्सव मनाने का भी आदेश दिया गया।