भोलेपुर स्थित डिवीजन कार्यालय में विरोध प्रदर्शन करते बिजली कर्मचारी। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के पदाधिकारी व सदस्यों ने बिजली चेकिंग के दौरान आने वाली अड़चनों और फर्जी मुकदमे लिखाए जाने के मामलों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। जिला संयोजक ने सुनवाई न होने पर 13 सितंबर से अनशन शुरू करने की चेतावनी दी है।
विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के जिला संयोजक एसडीओ जितेंद्र सिंह गुर्जर के नेतृत्व में गुरुवार को भोलेपुर स्थित डिवीजन कार्यालय में कर्मचारियों ने धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि बिजली चोरी रोकने के लिए चेकिंग अभियान चलाया जाता है। इसमें काफी अड़चन आती है।
कुछ लोग झूठे मुकदमे भी लिखा देते हैं। बिना जांच के विद्युत चेकिंग टीम पर कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। जो लोग झूठा मुकदमा लिखाते हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। लोको रोड भोलेपुर निवासी अधिवक्ता आदित्य कुमार ने भी चेकिंग टीम पर सुविधा शुल्क मांगने और कार्यालय में बुलाकर मारपीट करने का झूठा आरोप लगाया है। अधिवक्ता ने जो कार्रवाई की है, वह 12 सितंबर तक वापस होनी चाहिए। ऐसा न होने पर वह अनशन करेंगे।
राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन ने किया प्रदर्शन
फर्रुखाबाद। विभिन्न मांगों और उत्पीड़न के विरोध में राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता प्रांतीय आह्वान पर प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। गुरुवार को जिलाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह के नेतृत्व में अवर अभियंता और प्रोन्नत सहायक अभियंताओं ने भोलेपुर स्थित डिवीजन कार्यालय में प्रदर्शन किया। इस दौरान एसडीओ रघुनाथ तित्तल, एसडीओ विनोद कनौजिया, जेई अजय सिंह, वेद प्रकाश भारती समेत अन्य मौजूद रहे।