शुकरुल्लापुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रही महिला को युवकों ने
गोली मार दी। इससे स्टेशन पर अफरा तफरी मच गई। आनन- फानन में महिला को
लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर कानपुर रेफर कर दिया
गया। महिला पर सालभर पहले तेजाब से भी हमला हुआ था। पुलिस मामले की जांच
कर रही है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव गुसरापुर निवासी बसंती (25)
पुत्री मुन्नालाल श्रीवास्तव अपनी मां शारदा के साथ बुधवार दोपहर 12 बजे
एटा जाने के लिए शुकरुल्लापुर स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रही थी। इस
दौरान वहां दो युवक आए। वे कुछ देर तक बसंती के पास बैठे रहे। फिर एक उठा
और पीछे से बसंती की पीठ पर गोली मार दी। गोली लगते ही बसंती लहूलुहान
होकर
गिर पड़ी। उसकी मां चीखने लगी। इससे स्टेशन पर अफरा तफरी मच गई। इस बीच
दोनों युवक भाग निकले। बसंती को गंभीरावस्था में लोहिया अस्पताल पहुंचाया
गया, जहां हालत गंभीर देख चिकित्सक ने कानपुर रेफर कर दिया। एसपी दिनेश
कुमार पी ने लोहिया अस्पताल में बसंती की मां शारदा से पूछताछ की। उसने
बताया कि हमलावरों को पहले कभी नहीं देखा।
कुछ समय पहले फतेहगढ़ इलाके में
उसकी बेटी पर तेजाब फेंका गया था। इस मामले में पल्ला बाजार निवासी राहुल
नामक युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। हालांकि बाद में वह छूट गया।
विवाहित बसंती कुछ समय से अपने मायके में ही रह रही है। एसपी ने सीओ
मोहम्मदाबाद को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। देर रात तक मामले में
रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।