अलग-अलग स्थानों पर चोरों ने एक ही रात में नगदी समेत करीब नौ लाख का माल
पार कर दिया। दोनों मामलों में तहरीर दी गई है लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज
नहीं की है। फतेहगढ़ कोतवाली के मोहल्ला नेकपुर कला निवासी विनोदकुमार पाल
पान मसाला सेल्समैन हैं। रात को विनोद और इनकी पत्नी गीता देवी और बेटे
प्रशांत, आदित्य शनिवार की रात छत पर सो रहे थे। इस दौरान चोरों ने मकान के
पीछे वाले दरवाजे की कुंडी खोल ली और घर में घुस गए। चोर घर से बक्सा और
अटैची को उठा
ले गए। मकान के अंदर रखी अलमारी को तोड़ दिया। इसके बाद लाखों
रुपये नगद और जेवर चुरा ले गए। रविवार की सुबह परिवार के लोग सोकर उठे तो
परिजनों को चोरी की जानकारी हुई। घर से कुछ दूरी पर एक बक्सा और दो
अटैचियां खुली पड़ी मिलीं। चोरों ने गली में जेवर और नगदी निकाली थी। सूचना
मिलने पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। विनोद ने बताया कि चोर उसके
यहां से 1.20 लाख रुपये नगद और करीब 5 लाख के जेवर ले गए।
मोहम्मदाबाद
प्रतिनिधि के अनुसार मोहल्ला इंद्रानगर निवासी असीम उल्ला खां और इनकी
पत्नी छत पर सो रहे थे। परिवार के बाकी लोग मोहल्ला किदवई नगर में रहने
वाले असीम के भाई अकबर खां के घर गए हुए थे। असीम के घर में दो दरवाजे हैं।
एक दरवाजे की कुंडी खोल कर चोर अंदर घुस गए। घर में घुसने से पहले चोरों
ने घर के बाहर लगी स्ट्रीट लाइट बंद कर दी। इसके बाद मकान की बिजली बंद कर
दी। चोरों ने असीम के बेटे लालू खां का कमरा बाहर से बंद कर दिया। अंदर
लालू की
पत्नी रूबी सो रही थी। चोरों ने कमरों में रखे बक्सों और अटैचियों
को खोलकर नगदी और जेवर चोरी कर लिए। रात करीब दो बजे लालू की पत्नी की नींद
खुल गई। इन्होंने दरवाजा खटकाया। शोर होने पर जागे असीम उल्ला और इनकी
पत्नी ने दरवाजा खोला। तब चोरी की जानकारी हुई। सूचना मिलने पर दरोगा
दिनेशचंद्र ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। पुलिस मामले की जांच कर रही
है। असीम ने बताया कि चोर करीब 75 हजार रुपये नगद और दो लाख के जेवर ले गए
हैं। दोनों ही मामलों में पुलिस को तहरीर दी गई है लेकिन समाचार लिखे जाने
तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।