फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ पुलिस लाइन चौराहा के नजदीक कुटरा कालोनी के सामने शनिवार को एक युवक ने मथुरा-कासगंज एक्सप्रेस से कटकर जान दे दी। उसके पास मिले सिम से शिनाख्त हुई। आत्महत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
फतेहगढ़ में पुलिस लाइन चौराहा स्थित कुटरा कालोनी के सामने रेलवे ट्रैक के किनारे युवक किसी से मोबाइल पर बात कर रहा था। दोपहर करीब 2:26 बजे कानपुर-मथुरा एक्सप्रेस कानपुर से फर्रुखाबाद आ रही थी। ट्रेन के नजदीक आते ही वह उसके आगे पटरी पर कूद गया। इससे युवक का सिर कट कर काफी झाड़ियों में जा गिरा। धड़ ट्रैक पर ही पड़ा रहा।
ट्रेन तेजी से फर्रुखाबाद स्टेशन की ओर चली गई। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी कोतवाली में दी। एसएसआई दीपक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को युवक का मोबाइल पटरी किनारे पड़ा मिला। एसएसआई ने मोबाइल के सिम को निकाल कर दूसरे मोबाइल में डाल कर उसके नंबरों पर संपर्क किया। एक नंबर उसके भाई अंकित का मिलने पर उसे घटना की जानकारी दी गई। अंकित, ताऊ सतेंद्र मोहन शर्मा व अन्य परिजन मौके पर आए।
उन्होंने शव के कपड़ाें, मोबाइल में मिली चिप की फोटो देखकर मृतक की शिनाख्त भोलेपुर विश्वकर्मापुरा दक्षिण कालोनी निवासी अंबुज शर्मा के रूप में की। ताऊ सतेंद्र मोहन शर्मा ने बताया कि अंबुज उनके छोटे भाई जितेंद्र मोहन शर्मा का पुत्र है। छोटा भाई शाहजहांपुर में कपड़े की दुकान किए है। अंबुज ने बीकाम किया है। वह उनके पास ही रहता था। एसएसआई दीपक कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
सड़क पर बने जाम के हालात
फर्रुखाबाद। ट्रेन से कटकर युवक की मौत होने पर देखने वालों की भीड़ लग गई। इससे सड़क पर जाम के हालात बन गए। पुलिस कर्मियों ने भीड़ को सड़क से हटाया और वाहनों का आवागमन शुरू कराया।