मोबाइल ठीक कराने के बहाने महिला ने किशोरी को कमरे में बंद कर दिया। वहां पहले से मौजूद युवक ने उसके साथ छेड़खानी की। शोर मचाने पर गांव वाले दौड़े तो युवक भाग निकला।
पीड़िता के पिता का कहना है कि मंगलवार को वह अपनी पत्नी सावित्री देवी के साथ नवाबगंज स्थित अपनी ससुराल में बीमार सास को देखने गया था। घर पर दो बेटे और दो बेटियां मौजूद थीं। बुधवार को पड़ोस की ही एक महिला मोबाइल ठीक कराने के बहाने उसकी बेटी को अपने घर बुला ले गई।
वहां उसे एक कमरे के अंदर ले जाने के बाद बाहर से कमरे को बंद कर दिया। पिता के अनुसार कमरे में युवक पहले से ही मौजूद था। उसने किशोरी को पकड़ लिया और छेड़खानी की। किशोरी की चीख सुनकर गांव वालों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
इस बीच मौका पाकर युवक भाग निकला। सूचना पाकर पहुंचे किशोरी के परिजनों ने यूपी 100 को सूचना दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता से पूछतांछ की है। एसओ वीरपाल सिंह तोमर ने बताया कि तहरीर मिलते ही जांच कर कार्रवाई की जाएगी। आरोपी युवक को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई करेंगे।