मामूली विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच चले लाठी-डंडों में पांच लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ घटना की तहरीर दी है। शहर कोतवाली के मोहल्ला बजरिया निहालचंद्र निवासी कौशलेंद्र यादव की ठंडी सड़क पर ट्रैवल्स की दुकान है। कौशलेंद्र की दुकान पर रजनेश कर्मचारी है।
आरोप है कि गुरुवार को रजनेश की बाइक की टक्कर टेंपो से हो गई। इसमें सवार मेंहदीबाग मदर इंडिया कोल्ड स्टोरेज निवासी हबीब से उसका विवाद हो गया। आरोप है कि शुक्रवार की सुबह हबीब अपने साथियों के साथ ट्रैवल्स पर पहुंच गया। यहां पर मौजूद रजनेश को घेर कर मारपीट करने लगे।
जानकारी होने पर कौशलेंद्र और उसके अन्य साथी भी मौके पर पहुंच गए। मारपीट में हबीब गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित को लेकर लोग कोतवाली पहुंच गए। दूसरी पक्ष से कौशलेंद्र, रजनेश, साजन सिंह, महेंद्र सिंह घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों को लोहिया अस्पताल में मेडिकल कराया।
कौशलेंद्र ने बताया कि हमलावरों ने उसकी ट्रैवल्स पर तोड़फोड़ कर कार के शीशे तोड़ दिए। वहीं, हबीब ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उसे घेर लिया और मारपीट कर घायल कर दिया। कोतवाल द्रविड़ सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्र के गांव रायपुर निवासी सर्वेश कुमार ने अपने भाई साहब सिंह व भाभी सुनीता के खिलाफ मारपीट का आरोप लगाया है। घायल ने बताया कि उसके भाई का बकरा उसके घर आ गया था। इस पर उसने बांधने के लिए कहा। इसी बात पर उसके भाई व उसकी भाभी ने मारपीट कर उसे घायल कर दिया।
उसकी तहरीर पर पुलिस ने मारपीट में मामला दर्ज कर लिया है। एक अन्य समाचार के अनुसार मनोज कुमार ने पृथ्वीदरवाजा निवासी सुमित मिश्रा व अमित मिश्रा के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कराया है। मनोज ने बताया कि मामूली बात पर उक्त लोगों ने हमला बोला था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया।