कायमगंज। थाना क्षेत्र के गांव भकुसा में रविवार रात तंबाकू खरीदने गए युवक को रंजिश में गांव के ही युवक ने सिर में तमंचा सटाकर गोली मार दी। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। परिजन उसे सीएचसी ले गए। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।सूचना पर पहुंचे कुआंखेड़ा चौकी इंचार्ज ने जांच-पड़ताल की।
गांव भकुसा निवासी कप्तान सिंह का पुत्र पुरुषोत्तम (26) रविवार को पड़ोसी गांव साहबगंज में आसाराम की बरसी में गया था। वहां पर गांव के ही राजेंद्र और मुकेश भी गए थे। दोनों के बीच किसी बात पर विवाद हो गया। पुरुषोत्तम ने बीचबचाव कर दोनों को अलग कर दिया। तीनों वहं से अपने गांव लौट आए।
रात में लगभग नौ बजे पुरुषोत्तम गांव की दुकान से तंबाकू खरीदने गया। वहां पर पहले से मुकेश मौजूद था। उसने पुरुषोत्तम की सिर में तमंचा सटाकर गोली मारकर भाग गया। पुरुषोत्तम की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे लेकर सीएचसी गए। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर कुआंखेड़ा चौकी इंचार्ज पहुंचे और जांच पड़ताल की। चौकी इंचार्ज ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।