कायमगंज। तंबाकू व्यवसायी की बेटी का पति से समझौता कराने का झांसा देकर उसके नौकर ने लाखों के गहने और नगदी हड़प ली। नौकर समझौता कराने के लिए बेटी को दिल्ली ले गया था। दिल्ली ले जाने के बाद गहने और रुपये से भरा बैग ले लिया। वहां इधर-उधर घुमाने के बाद पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर उसे छोड़ कर फरार हो गया। काफी देर तक जब वह नहीं लौटा तो वह रोने लगी। किसी यात्री ने उससे पूछताछ कर अपने मोबाइल से परिजनों को सूचना। परिजन उसे दिल्ली से घर लाए। रविवार को नौकर अपने घर पहुंचा तो तंबाकू व्यवसायी ने उसे कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
नगर क्षेत्र के मोहल्ला बगिया सोहनलाल निवासी एक प्रतिष्ठित तम्बाकू व्यवसायी की पुत्री का विवाह एटा में पटियाली गेट निवासी युवक के साथ 27 अप्रैल 15 को हुआ था। विवाह के कुछ महीनों बाद पति अपनी पत्नी को परेशान करने लगा तो तम्बाकू व्यवसायी 21 मार्च 16 को बेटी को अपने साथ ले आया। तब से वह मायके में ही रह रही थी। वह इसी आस में थी कि आज नहीं तो कल पति उसको बुला लेंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ। एक दिन उसके घर में काम करने वाला नौकर उससे बोला कि मैं आपके पति से बात करके आपका समझौता करा दूंगा। इस पर उसने ने कहा कि करा दो।
30 जून को नौकर ने कहा कि आपके पति से बात हो गई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली लेकर चले आओ जहां वह नौकरी करता है। ये भी कहा कि घर पर किसी को कुछ नहीं बताना और सारा जेवर भी ले आना। उसने नौकर की बात पर विश्वास कर लिया। 30 जून की शाम को वह जेवर और नगदी लेकर घर से नौकर के साथ दिल्ली चली गई। 1 जुलाई को सुबह जब वह दिल्ली पहुंची तो नौकर ने कहा कि अपना जेवर का बैग मुझे दे दो नहीं तो कोई छीन लेगा और उसने नौकर को लाखों रुपये के जेवर व नगदी से भरा बैग दे दिया। थोड़ी देर उसे इधर-उधर घुमाने के बाद पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पास उसे छोड़ कर भाग गया।
जब उसे पता चला कि उसके साथ छल हुआ तो वह स्टेशन पर बैठ कर रोने लगी। स्टेशन से गुजर रहे एक व्यक्ति ने उससे पूछताछ कर उसके परिजनों को सूचना दी। परिजन उसे दिल्ली से घर ले आए। रविवार को नौकर भी अपने घर पहुंच गया। तंबाकू व्यवसायी को पता चला तो वह नौकर के घर गया और उसे पकड़कर कोतवाली पुलिस के दे दिया। तंबाकू व्यवसायी ने नौकर पर बेटी के लाखों रुपये के गहने और नगदी हड़पने का आरोप लगाया है। कोतवाली प्रभारी अजीत कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तरफ से तहरीर मिली है। नौकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।