वाहन चेकिंग के दौरान रविवार को थाने के पास पुलिस ने लोडर में लदीं 552 साड़ियां पकड़ी है। जांच में पता चला कि यह साड़ियां चुनाव में बांटने के लिए शाहजहांपुर ले जाई जा रही थीं। पुलिस ने चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लोडर व साड़ियां सीज कर दी हैं। पुलिस थाने के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। पुलिस ने एक लोडर को रुकवाकर उसकी तलाशी ली तो उसमें नौ गांठें साड़ियों की बरामद हुईं। चालक से कागजात मांगे तो वह नहीं दिखा सका।
पुलिस ने इसकी सूचना उड़नदस्ता प्रभारी भुवनेश्वर कुमार को दी। उड़नदस्ता प्रभारी सूचना पर मौके पर पहुंचे। चालक ने अपना पहचान फर्रुखाबाद के कादरीगेट निवासी सोनू वर्मा बताई है। उसने बताया कि वह साड़ियां फर्रुखाबाद से लेकर मिर्जापुर जिला शाहजहांपुर के व्यापारी सत्यपाल कुशवाह के यहां जा रहा था।
एसओ प्रीतम सिंह ने बताया कि साड़ियां चुनाव में बंटने के लिए ले जाई जा रही थीं। उड़नदस्ता प्रभारी भुवनेश्वर कुमार ने बताया कि व्यापारी सत्यपाल से भी पूछताछ की जाएगी। उन्होंने बताया कि साड़ियों की नौ गांठें थीं, जिनकी कीमत करीब ढाई लाख रुपये होगी।