कच्छा बनियान गिरोह के भय से नगला बसा में ग्रामीण असलहों से लैस होकर रात
में रखवाली कर रहे हैं। रविवार को बदमाशों की सूचना पर थाना पुलिस नगला बसा
और कोहनी नगला पहुंची, लेकिन यहां कोई नहीं मिला। नगला बसा के ग्रामीणों
ने जिलाधिकारी से मांग की है कि गांव में रात 11 से सुबह 5 बजे तक बिजली
आपूर्ति करवाई जाए।
करीब एक सप्ताह पहले कच्छा बनियान गिरोह ने गांव
मिर्जा नगला में धावा बोलकर लूटपाट की थी। तबसे नगला बसा में ग्रामीण रात
में असलहों, लाठी डंडों और सरिया आदि से लैस होकर जागकर रखवाली कर रहे हैं।
रविवार रात थाना पुलिस को सूचना मिली कि गांव कोहनी नगला में बदमाश घुस आए
हैं। आनन-फानन में थाना पुलिस पहुंची लेकिन कोई बदमाश नहीं
मिला। पुलिस
थाने पहुंची थी कि नगला बसा में बदमाश घुस आने की सूचना इन्हें मिली। इस पर
पुलिस नगला बसा पहुंची। यहां भी बदमाश नहीं मिले। असलहों से लैस ग्रामीणों
को देख पुलिस ने कारण जाना तो पता चला कि बदमाशों के भय से रात
में जागकर
रखवाली कर रहे हैं। रामकुमार, मोहन कुमार, सतीश कुमार और महेंद्र कुमार आदि
का कहना था कि बदमाशों के भय से रात को जागना पड़ रहा है। कहा कि उन्होंने
छतों पर ईंट-पत्थर भी जमा कर रखे हैं। अगर बदमाश घुस आएं तो उनसे निपटा जा
सके। ग्रामीणों ने बताया कि कच्छा-बनियान गिरोह की घटना के बाद से वह लोग
रात मे जागकर रखवाली कर रहे हैं।