केरोसिन के खाली ड्रम में वेल्डिंग करते समय ड्रम अचानक फट गया। इससे वेल्डिंग कर रहे मैकेनिक के कपड़ों में आग लग गई और वह झुलस गया। साथ ही वेल्डिंग कराने आया ग्राहक ड्रम का टुकड़ा लगने से घायल हो गया।
नौगवां पकड़िया निवासी आनंद कुमार की नौगवां क्रासिंग के पास गैस वेल्डिंग की दुकान है। सोमवार को जहानाबाद थाना क्षेत्र के गांव शरीफनगर निवासी 60 वर्षीय कोटेदार जीवनराम केरोसिन के खाली ड्रम में वेल्डिंग कराने उसकी दुकान पर आया था। आनंद ने ड्रम में वेल्डिंग शुरू की लेकिन ड्रम का ढक्कन नहीं खोला जिससे वेल्डिंग करते समय गैस बनने से ड्रम तेज आवाज के साथ फट गया।
ड्रम फटने के साथ ही आनंद के कपड़ों में आग गई। वह शोर मचाते हुए सड़क की ओर भाग जिस पर लोगों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। ड्रम का टुकड़ा पैर में लगने से पास खड़े कोटेदार भी घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ड्रम फटने से मचा हड़कंप
वेल्डिंग करते समय तेज आवाज के साथ ड्रम फटने से हड़कंप मच गया। लोग किसी अनहोनी की आशंका से सहम गए। बड़ी संख्या में लोग आनंद की दुकान पर पहुंच गए।