थोक कपड़ा व्यापारी से लूट के मामले में कोतवाली में अज्ञात लुटेरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। व्यापारियों ने पुलिस को एक सप्ताह में घटना का खुलासा न होने पर बाजार बंद करने का अल्टीमेटम दिया है।
बता दें कि मोहल्ला सेनापति निवासी विवेक अग्रवाल की कपड़े की थोक दुकान है। विवेक मंगलवार देर रात दुकान बंद करके बाइक से घर जा रहे थे। उनके पास बैग में 70 हजार रुपये, मोबाइल, दुकान की चाबी थीं। घर के निकट पहुंचते ही एक बदमाश ने उन्हें रोका और आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया। इसके बाद बैग छीन कर फायर करते हुए भाग गया।
घटना के बाद व्यापारी नेता मोहन अग्रवाल, नरेंद्र गुप्ता, आलोक मिश्रा, सौरभ अग्रवाल, हेमू गुप्ता कोतवाली पहुंचे। कोतवाल से घटना का खुलासा जल्द करने की मांग की। सात दिन में लुटेरे न पकड़े जाने पर मार्केट बंद कराकर विरोध प्रदर्शन करने की बात कही। मामले में व्यापारी विवेक अग्रवाल की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लुटेरे के खिलाफ रिपोर्ट लिखी है।
कोतवाल द्रविड़ सिंह बोले की एक हफ्ते के अंदर लूट के मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा। मामले की जांच चौकी इंचार्ज दिनेश कुमार को सौंपी गई है। कोतवाल ने खुद घटनास्थल पर जाकर आसपास छानबीन की। लोगों से पूछताछ की पर लुटेरों का सुराग नहीं लगा।