मोहम्मदाबाद कोतवाली से 100 मीटर दूर इटावा-बरेली हाईवे के किनारे पूर्व सैनिक की परचून दुकान की दीवार को दुकान से चोरों ने नकब लगाकर 41 हजार का सामान और करीब चार हजार रुपये पार कर दिए। दुकानदार की तहरीर पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला इंद्रा नगर निवासी पूर्व सैनिक छविनाथ सिंह प्रजापति की कोतवाली से करीब 100 मीटर दूर इटावा-बरेली हाईवे के किनारे परचून की दुकान है। बुधवार देर रात चोरों ने दुकान के पीछे की दीवार को काट दिया और अंदर घुस गए।
दुकान से पान मसाला, वनस्पति घी व अन्य राशन का सामान चोरी कर लिया। गोलक से करीब चार हजार रुपये चुराकर चंपत हो गए। गुरुवार सुबह आसपास के लोगों ने दीवार कटी देखी तो दुकानदार को जानकारी दी। वह दुकान पर पहुंचे और वहां की स्थिति देखी। इसके बाद कोतवाली पहुंच कर घटना की तहरीर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की।
पूर्व सैनिक छविनाथ सिंह प्रजापति की दुकान के पास अवधेश पाल उर्फ भूरा की दुकान है। एक माह पूर्व अवधेेश पाल की दुकान से चोरी हुई थी। पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसका अभी तक खुलासा नहीं हो सका।
नकब लगाकर परचून की दुकान से 45 हजार की चोरी
मोहम्मदाबाद कोतवाली से 100 मीटर दूर स्थित है दुकान