कायमगंज (फर्रुखाबाद)। एक स्कूल में गणतंत्र दिवस कार्यक्रम के बाद बाइकों से घर जा रहे चार छात्रों का अपहरण हो गया। अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छूटे एक छात्र की सूचना पर परिजनों ने गंगा किनारे छात्रों को मुक्त कराकर चार युवकों को दबोच लिया। वहां फायरिंग से लोगों में दहशत फैल गई। बाद में एक तमंचा व कारतूसों सहित चारों युवकों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। अन्य आरोपी भाग गए। पुलिस ने दोनों ओर से अपहरण का मुकदमा दर्ज किया है।
नगर के मोहल्ला पाठक निवासी पूर्व सभासद दीपक शुक्ला का पुत्र संभव शुक्ला व नगर से सटे गांव पितौरा निवासी ट्रांसपोर्ट व्यापारी ताहिर अली उर्फ चन्टा खां का पौत्र ईवान कंपिल रोड स्थित एक स्कूल में कक्षा नौ के छात्र हैं। गणतंत्र दिवस कार्यक्रम के बाद शनिवार दोपहर को दोनों छात्र मोहल्ला चिलांका निवासी तंबाकू व्यवसायी फैसल खां के पुत्र फैज (कक्षा 12) व तराई के गांव कुआखेड़ा निवासी तंबाकू व्यवसाई रुकसार खां का पुत्र अरबाब खां (कक्षा 11) के साथ बाइकों से घर जा रहे थे। गांव घसिया चिलौली स्थित गमा देवी मंदिर तिराहे के पास 24-25 युवकों ने तमंचे लगाकर कब्जे में कर लिया। चारों छात्रों को मोहल्ला बगिया स्थित एक तंबाकू गोदाम में ले गए। वहां मारपीट की।
आरोप है कि छात्रों से कुछ रुपये भी छीन लिए। इसके बाद युवक चारों छात्रों को कटरी क्षेत्र में ले गए। इसी बीच छात्र अरबाब चकमा देकर भाग आया। उसने छात्रों के परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने यूपी 100 को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पूर्व छात्रों के नाते रिश्तेदार एवं सगे संबंधी मौके पर पहुंच गए। अपहरण कर ले जा रहे युवकों ने उन लोगों पर फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगे। छात्रों के परिजनों ने भी पीछा कर छात्रों को मुक्त करा लिया और मौके से चार युवकों आशू श्रीवास्तव, सत्यांश पांडेय व अभिषेक निवासी मोहल्ला पाठक व आर्यन निवासी मोहल्ला नोनियमगंज को पकड़ लिया। बाकी फायर करते हुए भाग गए।
छात्रों के परिजन चारों लोगों को पकड़कर कोतवाली पहुंचे और पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी सत्यांश के पास मिला तमंचा व दो कारतूस भी दे दिए।
छात्र ईवान के बाबा ताहिर अली नेे तहरीर दी, लेकिन उस समय मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। छात्रों के परिजन मुकदमा दर्ज करने को दबाव बनाते रहे। रात में एसपी संतोष कुमार मिश्रा, एएसपी त्रिभुवन सिंह, सीओ राजवीर सिंह व सर्किल का फोर्स कोतवाली पहुंच गया। वहां एसपी ने दोनों पक्षों से वार्ता की। इसके बाद दोनों पक्षों की तहरीर पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
एक पक्ष ने 32 व दूसरे पक्ष ने 8 के खिलाफ दर्ज कराया अपहरण का मुकदमा
कायमगंज। छात्र ईवान के बाबा ताहिर अली की तहरीर पर गणेश मिश्रा व उसके भाई सौरभ मिश्रा के अलावा गांव नरसिंहपुर निवासी अंकित यादव, मोहल्ला पृथ्वीदरवाजा के यश शाक्य, मोहल्ला पाठक निवासी मनोज श्रीवास्तव, आशू श्रीवास्तव व उसके भाई अभिषेक, सत्यांश पांडेय, मोहल्ला जटवारा निवासी वारिस गंगवार, नोनियमगंज निवासी प्रियांशु गंगवार, आर्यन, दीपक व बीस अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, ताहिर अली उर्फ चंटा खां की ओर से सत्यांश पांडेय के खिलाफ 25 आर्म्स एक्ट के तहत दूसरा मुकदमा दर्ज हुआ है। दूसरे पक्ष के मोहल्ला पाठक निवासी पप्पू की तहरीर पर फरमान खां, दीपक शुक्ला, दिलीप शुक्ला, प्रेम शुक्ला, आमिर खां, बाबर खां, फैसल खां, पप्पू मियां के खिलाफ अपहरण व जानमाल की धमकी का मुकदमा पुलिस ने दर्ज कर लिया है। दर्ज मुकदमे में पप्पू ने कहा है कि वह गणतंत्र दिवस का कार्यक्रम देखकर घर जा रहे थे। तभी आरोपियों ने रास्ते में जबरन उनके पुत्रों को मारपीट कर बाइक पर बैठा लिया और अपहरण कर ले गए। उन्हें ढाईघाट पर फेंकने की धमकी दी। इस दौरान उनके पुत्रों के दोस्त आर्यन को भी उठा ले गए।
छात्रों के अपहरण से रातभर डटे रहे एसपी
कायमगंज। दिनदहाड़े चार छात्रों के अपहरण की सूचना से कोतवाली में देर रात तक भारी भीड़ लगी रही। तनावपूर्ण स्थिति देखते हुए एसपी संतोष कुमार मिश्रा, एएसपी त्रिभुवन सिंह, सीओ राजवीर सिंह, फोर्स के साथ रातभर कोतवाली में डटे रहे। देर रात दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हुआ। मामले की जानकारी एक पक्ष की ओर से कमिश्नर को दे दी गई। इस पर पुलिस व प्रशासन सतर्क रहा। सर्किल के फोर्स के साथ तहसीलदार गजेंद्र सिंह कोतवाली में डटे रहे। उन्होंने मामले की जानकारी कर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट दी।
वर्चस्व की लड़ाई में छात्रों को किया अगवा
कायमगंज। कुछ दिन पहले टंकी रोड पर दो छात्र गुटों में झगड़ा हुआ था। इसमें एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के साथ मारपीट की थी और एक का तमंचा छीन लिया था और भविष्य में देख लेने की धमकी दी गई थी। हालांकि यह विवाद पुलिस तक नहीं पहुंचा था, जिससे कोई कार्रवाई भी नहीं हुई। इस संबंध में सीओ राजवीर ने बताया कि कु दिन पहले विवाद हुआ था। छात्र गुटों में वर्चस्व की लड़ाई है। दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा हुआ है। आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा नेता के घर हमले में भी शामिल थे आरोपी
कायमगंज। 23 दिसंबर को नगर से सटे गांव घसिया चिलौली में पूर्व भाजयुमो नेता ओम शिव पाठक के घर पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया था। तब उन्होंने छात्रों के अपहरण में आरोपी गणेश मिश्रा समेत आधा दर्जन से अधिक नामजद व कई अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमले के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस के अनुसार उस मामले में यह गुट शामिल था। उस मामले में पुलिस आरोपी गणेश व उसके साथियों को गिरफ्तार भी नहीं कर सकी तब तक दूसरी वारदात हो गई।