लापता ट्रैक्टर चालक की हत्या के आरोप में पिता-पुत्र समेत तीन लोग छह दिन से थाने में बैठे हैं। इनकी निशानदेही पर न तो लापता युवक की तलाश को दोबारा अभियान नहीं चलाया गया और न किसी का चालान किया गया।
कन्नौज जिले के थाना गुरसहायगंज के गांव मुर्रा निवासी भंवर सिंह का पुत्र अरुण मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव पचपुखरा निवासी सचिन के घर रहकर उनका ट्रैक्टर चलाता था। 10 मई को वह सचिन व उसके पिता के साथ ट्रैक्टर लेकर खेत पर गया था।
तबसे वह लापता है। 29 मई को पिता ने पुत्र की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने सचिन, उसके पिता छोटेलाल व ग्यादीन की मड़ैया निवासी पुष्पेंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो लापता ट्रैक्टर चालक की हत्या होने का मामला सामने आया।
आरोपियों की निशानदेही पर गंगा कटरी में शव खोजने को एक दिन पुलिस ने अभियान चला कर बंद कर दिया। पिता भंवर सिंह की तहरीर पर पुलिस ने सचिन, उसके पिता छोटेलाल व पुष्पेंद्र के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली। तीनों आरोपी थाने में छह दिन से बैठे हैं।
किसी का अभी तक चालान नहीं किया गया। एसओ विनय प्रकाश राय ने बताया कि मुकदमे की विवेचना सीओ सिटी कर रहे हैं। चालान किस कारण नहीं हुआ। इस संबंध में उन्हीं से जानकारी हो सकती है।
हत्यारोपी छह दिन से थाने में बैठे, नहीं हुआ चालान
दोबारा नहीं हुई लापता ट्रैक्टर चालक की खोज