अमर उजाला ब्यूरो
कमालगंज (फर्रुखाबाद) । बघार नाले के पास रेलवे ट्रैक पर पंद्रह दिन पूर्व मिले महिला के शव की शिनाख्त औरैया के बिधूना निवासी लालसिंह की पुत्री टीना के रूप में मंगलवार को हुई। थाने में बेटी के शव की फोटो देखकर लालसिंह ने उसकी पहचान की। उन्हाेंने बेटी के पति व ससुर पर हत्या का आरोप लगाया। हालांकि अभी पुलिस ने उनकी तहरीर पर मामला दर्ज नहीं किया है।
मालूम हो कि बीते चार अगस्त को बघार स्थित मेडिकल कॉलेज के पीछे रेलवे ट्रैक पर एक महिला का शव मिला था। शिनाख्त न हो पाने से पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया था। औरैया के बिधूना निवासी लाल सिंह कई वर्षों से गुजरात के अहमदाबाद शहर के गोमतीपुर पुलिस स्टेशन के पास रहता है। उसने बेटी टीना(30) की शादी अहमदाबाद के थाना चांद खेड़ा निवासी जयसिंह के बेटे शंकर से थी। पांच अगस्त को टीना के ससुर जयसिंह ने उसके घर पहुंचे और बताया कि टीना मथुरा से लापता हो गई। इस पर उसने भी बेटी की तलाश की पर कहीं पता नहीं चला।
इस बीच उसे रिश्तेदारों से जानकारी मिली कि कमालगंज में एक महिला का रेलवे ट्रैक पर शव मिला था। इस पर वो मंगलवार को थाने आए और फोटो देखकर वह शव अपनी बेटी टीना का होने की पुष्टि की। उन्हाेंने कहाकि दामाद अक्सर व्यापार के लिए बेटी पर मायके से पैसे लाने का दबाव बना कर प्रताड़ित करता था। पति और ससुर ने मिलकर उसकी बेटी की हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया था। एसओ प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि महिला के परिजन आए हैं और गुजरात पुलिस के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।