अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। सीएमओ के प्राइवेट प्रैक्टिस करने का वीडियो वायरल होते ही डीएम ने इसकी रिपोर्ट शासन को भेज दी है। डीएम ने इसकी पुष्टि की। कहा कि आगे की कार्रवाई शासन की ओर से की जाएगी।
पिछले दिनों सीएमओ डॉक्टर अरुण कुमार के जिला मैनपुरी में प्राइवेट प्रैक्टिस का वीडियो वायरल हो गया। विभाग में इसकी चर्चाएं होने लगीं। इसकी जानकारी डीएम मोनिका रानी को भी दी गई। उनको भी वीडियो भेजा गया। डीएम ने बताया कि वीडियो मिला है। उसे शासन को भेज दिया गया है। साथ ही इसकी रिपोर्ट भी शासन को भेजी गई है। बताया कि मामले में शासन स्तर से कार्रवाई की जाएगी।
मालूम हो कि सीएमओ ने करीब दो महीना पहले ही जिले का चार्ज लिया था। विभागीय सूत्रों ने बताया कि मैनपरी जिले में सीएमएस पद पर तैनात होते हुए भी वह सरकारी आवास में प्राइवेट प्रैक्टिस करते थे। यहां से बिजनौर तबादला होने पर आवास खाली करना पड़ा। इसके बाद भी वह अस्पताल के पीछे एक मेडिकल स्टोर पर बैठ कर प्राइवेट प्रैक्टिस करते थे। वहां, उन पर वित्तीय अनियमितताओं के मामले में भी जांच चल रही थी।