अमर उजाला ब्यूरो
मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद)। नौकरी के नाम पर आठ लाख की ठगी करने के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मुख्य आरोपी को कार समेत गिरफ्तार कर लिया। उसके साथी की तलाश की जा रही है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव धीरपुर निवासी अतुल सिंह वर्ष 2016 में लखनऊ में एसएससी की कोचिंग कर रहा था। उसके साथ रिश्तेदार पवन भदौरिया भी रहता था। कोचिंग के दौरान जिला कन्नौज की सदर कोतवाली क्षेत्र के सरफाबाद निवासी रवीशपाल से मुलाकात हो गई। रवीश पाल ने बिजली विभाग में नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया। आठ सितंबर 2017 को रवीशपाल और उसका साथी अभिषेक उसके घर पर कार से पहुंचे और नौकरी के नाम पर आठ लाख रुपये ठग लिए।
कुछ दिनों बाद बिजली विभाग का एक फर्जी नियुक्ति पत्र दे दिया। जब वह नियुक्ति पत्र लेकर फतेहगढ़ बिजली विभाग कार्यालय गया तो वहां पता चला कि वह फर्जी है। उसने इसकी जानकारी रवीश पाल को दी। उसने दिए रुपये का तगादा करना शुरू कर दिया। आरोपी आजकल की बात कह कर उसे टकराने लगा। थकहार कर अतुल सिंह ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने रवीश पाल और उसके साथी लखनऊ निवासी अभिषेक के खिलाफ धोखाधड़ी कर आठ लाख रुपये हड़पने की रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी रवीश पाल को कार समेत गिरफ्तार कर लिया।