अमर उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। चोरी छिपे सवारियों बैठाकर दिल्ली जा रही स्लीपर बस को शहर कोतवाल ने देवरामपुर गढ़िया के पास पकड़ लिया। सवारियों को उतार कर बस कब्जे में कर ली और उसको आईटीआई चौकी के पास खड़ा करा दिया। किराया वापसी की मांग को लेकर सवारियों ने हंगामा किया।
बुधवार रात करीब 9 बजे चोरी छिपे सवारियां भर कर स्लीपर बस दिल्ली के लिए रवाना हुई। मुखबिर की सूचना पर शहर कोतवाली संजीव राठौर ने देवरामपुर गढ़िया के पास बस को रुकवा लिया। उसमें बैठी करीब 70 सवारियों को उतार कर बस कब्जे में लेकर आईटीआई चौकी भेज दिया। सवारियों ने किराया वापस करने की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया।
बस के परिचालक और काउंटर पर बैठे कर्मचारियों को बुलाकर सवारियों का किराया वापस कराया गया। सवारियों ने दिल्ली तक पहुंचाने की पुलिस कर्मियों से व्यवस्था किए जाने की मांग की। पुलिस कर्मी देवरामपुर गढ़िया से सवारियों को रोडवेज बस अड्डे पर लेकर आए और दिल्ली जाने वाली रोडवेज बसों में बैठाया। कुछ सवारियां बस में बैठ गईं, लेकिन कुछ सवारियां वहां से अपने घर वापस लौट गईं। शहर कोतवाल संजीव राठौर ने बताया कि जो स्लीपर बस पकड़ी है वह विमल चतुर्वेदी की है।