फर्रुखाबाद। पूर्व मुख्यमंत्री के सुरक्षाकर्मी के घर चोरों ने नगदी समेत दो लाख का माल पार कर दिया। बेटा कोआपरेटिव बैंक शाखा में कर्मचारी है और पत्नी व दादी के साथ रहता है। बैंक कर्मचारी ने फतेहगढ़ कोतवाली में तहरीर दी है।
फतेहगढ़ कोतवाली के मोहल्ला आंबेडकर कालोनी निवासी अमित कुमार कोआपरेटिव बैंक नवाबगंज में कर्मचारी है। उसके पिता राजकुमार जाटव पुलिस में हैं, जो वर्तमान में लखनऊ में पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के यहां तैनात हैं। अमित अपनी पत्नी और दादी के साथ रहता है। 25 जनवरी की रात करीब नौ बजे घर में ताला डालकर अमित पत्नी और दादी को लेकर एक शादी में गया था।
वहां से रात करीब 11 बजे लौट कर घर आया तो दरवाजे के ताले टूटे पड़े थे। घर के अंदर जाकर देखा तो कमरों और उनके अंदर रखी अलमारी के ताले टूटे पड़े थे, सामान बिखरा था। अमित ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच की। अमित ने बताया कि चोर 52 हजार रुपये और करीब डेढ़ लाख रुपये के जेवरात चोरी कर ले गए हैं।