दिबियापुर (औरैया)। दिबियापुर थाने में कानपुर से अपर पुलिस महानिदेशक अविनाश चंद्र द्वारा कानपुर से भेजी गई स्पेशल क्राइम ब्रांच टीम ने 20 जनवरी को ककोर में एटीएम में लाखों रुपए की हुई चोरी के मामले में जांच पड़ताल की व थाना प्रभारी से वार्ता की। टीम ने आशंका जताई कि इस घटना के तार झारखंड, मालदा, सीतापुर से जुड़े हो सकते हैं। औरैया पुलिस के साथ कानपुर की आईजी की स्पेशल क्राइम ब्रांच टीम लगेगी । यह टीम कुदरकोट में हुई साधुओं की हत्या में आरोपियों को पकड़ने में भी मदद कर चुकी है।
रविवार को कानपुर से आईजी की स्पेशल क्राइम ब्रांच प्रभारी विनोद मिश्रा ने अपनी व औरैया की एसओजी टीम के साथ आकर क्षतिग्रस्त एटीएम मशीन का बारीकी से निरीक्षण किया। दिबियापुर थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह व एसओजी टीम के सिपाही से गहनता से इस मामले में बात की टीम ने एफ आई आर की प्रतिलिपि ली । टीम के एक सदस्य ने बताया कि कुछ दिन पहले सीतापुर में भी एटीएम में लूट हुई थी। वहां आरोपी भी पकड़े गए उनसे भी वहां जाकर पुलिस पूछताछ करेगी। झारखंड मालदा से घटना के तार जुड़े होने की आशंका जताई।
प्रत्येक पहलू पर घटना की जांच होगी और जल्द घटना का खुलासा होगा। उन्होंने सीतापुर के एसओजी प्रभारी से भी मोबाइल से बात कर पकड़े गए आरोपियों से इस घटना में संलिप्तता कि बात पूछने को कहा है। शायद सुराग मिल जाए, जरूरत होने पर वहंा टीम भी जाएगी । इस मामले मै दिबियापुर थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जांच हो रही है। अभी तक बैंक के अधिकारियों ने एटीएम से ट्रांजेक्शन की डिटेल नहीं दी। मालूम हो कि 22 जनवरी को दिल्ली से आई टीम ने एटीएम को खोलकर उसमे से 12 लाख 78 हजार 700 रुपये निकाले थे जबकि उसमें से 6 लाख रुपया कम था।
-रविवार को टीम ने दिबियापुर पहुंचकर मामले की ली जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो