मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद)। कोतवाली क्षेत्र के गांव तेरा गढ़िया निवासी युवती के बैंक खाते से 28 हजार रुपये पार हो गए। बैंक पास बुक पर एंट्री कराने पर मामले की जानकारी हुई। इस पर मामले की तहरीर पुलिस को दी है।
गांव तेरा गढ़िया निवासी रूपलाल की बेटी पूनम ने चार साल पहले कसबा स्थित स्टेट बैंक शाखा के ग्राहक सेवा केंद्र के माध्यम से जनधन खाता खुलवाया था। उसके खाते में 33 हजार रुपये थे। 16 जनवरी को उसने पास बुक पर बैंक में एंट्री कराई तो पता चला कि उसके खाते में सिर्फ पांच हजार रुपये हैं। यह देख वह दंग रह गई।
उसने बैंक कर्मचारियों से शिकायत की। उसने बैंक से खाते का इस्टेटमेंट निकलवाया तो पता चला कि उसके खाते से दो बार में मैनपुरी के बेवर स्थित ग्राहक सेवा केंद्र से दो बार में 28 हजार रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर किए गए हैं। इस पर उसने मंगलवार को कोतवाली पहुंचकर मामले की तहरीर पुलिस को दी है।
इंस्पेक्टर वीरपाल सिंह तोमर ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में पता चला है कि उसके खाते से गलत तरीके से रुपये ट्रांसफर किए गए हैं। मामले की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।