कंपिल। बाइक पर लिफ्ट लेकर बैठे टप्पेबाज ने तंबाकू दलाल की जेब से एक लाख रुपये पार कर दिए। साथी की बाइक पर बैठकर कायमगंज की ओर भाग गया। तंबाकू दलाल की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बाइक सवार को तलाश किया, लेकिन उनका कोई पता नहीं लगा।
कस्बा कंपिल के मोहल्ला गढ़ी निवासी रामऔतार कठेरिया तंबाकू दलाल हैं। शुक्रवार को वे कायमगंज से चार लाख रुपये लेकर बाइक से घर आ रहे थे। रास्ते में गांव मेंदपुर के पास एक युवक ने कंपिल तक छोड़ देने की बात कहकर बाइक पर बैठ गया। दिगंबर जैन धर्मशाला के पास युवक उतर गया। इसी बीच सफेद रंग की बाइक वहां आई और उस पर बैठकर युवक वापस कायमगंज की ओर चला गया।
इस पर रामऔतार को शक हुआ। उन्होंने जेब में रखे रुपये देखे तो एक जेब कटी थी और उसमें रखे एक लाख रुपये गायब थे। इस पर रामऔतार ने शोर मचाया। रामऔतार व कई लोगों ने टप्पेबाज की बाइक का पीछा किया लेकिन वह भाग निकला।
थाने के पास हुई घटना की सूचना पर पुलिस भी दौड़ी, लेकिन बाइक सवार दोनों युवकों का पता नहीं लगा। रामऔतार ने घटना की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कस्बा में दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।