कायमगंज। नगर के बस स्टैंड के पास बने खुद के मार्केट में बैठे प्रॉपर्टी डीलर पर तीन लोगों ने नाजायज असलहों व चाकू से हमला कर दिया। इससे वह घायल हो गए। हमले के पीछे भूमि विवाद की रंजिश बताई गई है। प्रॉपर्टी डीलर की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ दुकानों में घुसकर हमला करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है।
नगर से सटे गांव यहियापुर निवासी सोहराब अली खां प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं। उनकी पुल गालिब तिराहे स्थित बस स्टैंड के पास दुकानें हैं। गुरुवार दोपहर वह अपनी दुकानों पर बैठे थे। तभी मोहल्ला कलाखेल निवासी तीन लोग वहां पहुंचे और गालियां देने लगे। विरोध करने पर नाजायज असलहों व चाकू से हमला कर दिया। वहां मौजूद कुछ लोगों ने बचाने का प्रयास किया तो उन पर हमलावर हो गए। सूचना पर सोहराब खां का पुत्र वहां पहुंचा, पुत्र ने हमलावरों को ललकारा तो वह लोग वहां से मौका पाकर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए।
हमले में सोहराब अली घायल हो गए। पुलिस ने उनका मेडिकल परीक्षण कराया। उनके हाथ पर धारदार हथियार से हमले की चोट आई है। सोहराब खां ने बताया कि दुकानों के सामने उन्होंने प्लाट खरीदा है। उसमें वह अपना हिस्सा बता रहे हैं। हमलावार इसके चलते ही रंजिश मानते हैं। सूचना पर चौकी प्रभारी दिनेश भारती ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने सोहराब अली खां की तहरीर पर मुफीद, शादाब उर्फ बाबू व पप्पू निवासी कलाखेल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।