गांव खिमसेपुर में किशनपाल के घर में जांच करते सीओ राजवीर सिंह व रखा रुकाई का सामान। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
मोहम्मदाबाद। रुकाई कार्यक्रम में हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से बालक की मौत हो गई। परिजन बालक के शव को लेकर चले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की है।
फरीदाबाद निवासी ममता की बेटी की शादी मोहम्मदाबाद के गांव खिमसेपुर निवासी किशनपाल के पुत्र गौकरन के साथ तय हुई है। बुधवार दोपहर को किशन पाल के घर रुकाई का कार्यक्रम था। इसमें शामिल होने ममता का भांजा टिंकू निवासी कुबेरपुर गांव कायमगंज अपने पांच वर्षीय पुत्र दिनेश व अन्य रिश्तेदारों के साथ पहुंचा था। कार्यक्रम के दौरान किशन पाल पक्ष के एक युवक ने बंदूक से हर्ष फायरिंग का प्रयास किया, पर कारतूस मिस हो गया।
वह बंदूक खोल रहा था, तभी गोली चली और दिनेश की गर्दन में जा लगी। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। परिजन दिनेश को लेकर लोहिया अस्पताल के लिए निकले, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिजन शव लेकर कुबेरपुर चले गए। जानकारी मिलने पर सीओ राजवीर सिंह ने किशन पाल के घर पहुंचकर छानबीन की। वहां महिलाएं ही मिलीं।
सीओ के आदेश पर मदनपुर चौकी इंचार्ज कुबेरपुर गांव पहुंचे, वहां बालक का शव मिल गया। सीओ मोहम्मदाबाद राजवीर सिंह ने बताया कि गोली लगने की सूचना पर जांच की गई है। बालक का शव घर पर मिला है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।