नवाबगंज। कस्बा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर गुरुवार दोपहर बाद नंबर से पहले टीका न लगाने पर दो युवकों ने जमकर हंगामा काटा। दोनों ने वैक्सीन की वायल तोड़ दीं। स्वास्थ्य कर्मियों से मारपीट का प्रयास किया। इससे करीब एक घंटे तक टीकाकरण बंद रहा। दोनों के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है।
सीएचसी पर सुबह से कोरोना टीकाकरण किया जा रहा था। एलटी धीरेंद्र प्रताप सिंह, धीरज उपाध्याय व फार्मासिस्ट विजनेश टीका लगा रही थीं। दोपहर बाद करीब 3.15 बजे नवाबगंज निवासी दो युवक वहां पहुंचे और पहले टीका लगाने के लिए कहा। स्वास्थ्य कर्मी ने नंबर आने पर युवकों से टीका लगवाने की बात कही।
इस पर युवक उखड़ गए और गालीगलौज करने लगे। बूथ में घुसकर स्वास्थ्य कर्मियों से मारपीट का प्रयास किया। मेज पर रखीं वैक्सीन की दो वायल तोड़ दीं और कागजात भी फाड़ दिए। एलटी धीरेंद्र प्रताप ने 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। इस पर युवक जानमाल की धमकी देकर भाग गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने वहां मौजूद लोगों से घटना की जानकारी ली। करीब एक घंटा टीकाकरण बंद रहा। धीरेंद्र प्रताप सिंह ने थाने में दो लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।