कंपिल (फर्रुखाबाद)। कंपिल सीएचसी की हालत बहुत की दयनीय है। यहां मरीजों को पीएचसी की भी सुविधाएं नहीं मिल रहीं हैं। डॉक्टर न होने से इमरजेंसी सेवा भी ठप है। गंभीर मरीजों को कायमगंज सीएचसी रेफर कर दिया जाता है। यहां ओपीडी में भी मरीजों की संख्या बेहद कम रहती है।
कस्बे को 15 वर्ष पूर्व 30 बेड की सीएचसी की सौगात मिली थी। इसमें पांच विशेषज्ञों सहित डॉक्टरों के नौ पद सृजित किए गए। फिजीशियन, सर्जन, बाल रोग विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ, रेडियोलॉजिस्ट सहित नौ डॉक्टर के अलावा डेंटल हाइजिनिस्ट, पैथलाजिस्ट, लैब टेक्नीशियन के अलावा फार्मासिस्ट, वार्ड ब्वाय, काउंसलर, एएनएम, स्टाफ नर्स के पद हैं। तब लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने की उम्मीद थी, लेकिन अब उनकी उम्मीदें टूट गई हैं।
हालात यह हैं कि संविदा पर तैनात आयुष चिकित्सक सुनील कुमार सीएचसी प्रभारी हैं। एक भी एमबीबीएस डॉक्टर की तैनाती नहीं है। शनिवार को सीएचसी में फार्मासिस्ट अमरेश कुमार व मनोज कुमार मरीजों को दवाएं देकर उपचार करते मिले। बताया कि प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सुनील कुमार अवकाश पर हैं। इसके अलावा अस्पताल में डेंटल हाइजिनसिंट नितेश गंगवार, एनएम रिंकी व प्रीती, एक सफाई कर्मी व एक वार्ड ब्वाय सहित छह कर्मचारी ही तैनात हैं।
अस्पताल में बुखार, खांसी, जुकाम व पेट दर्द के मरीजों को ही उपचार व दवाएं ही मिल पा रहीं हैं। यहां न तो एक्सरे मशीन है और न टेक्नीशियन। पैथोलॉजिस्ट न होने से सामान्य जांचें भी नहीं हो पाती हैं। लैब में ताला लगा रहता है। इससे सीबीसी मशीन धूल फांक रही है। सामान्य दुर्घटना वाले घायलों को भी सीएचसी कायमगंज रेफर कर दिया जाता है। पुलिस को सामान्य मेडिकल के लिए भी कायमगंज सीएचसी जाना पड़ता है।
अस्पताल में न तो महिला डाक्टर है न ही स्टाफ नर्स। इसके बावजूद अस्पताल में प्रसव कराने पर जोर है। एनएम रिंकी सामान्य प्रसव करा देती हैं। गंभीर होने पर गर्भवती को रेफर करना मजबूरी है।
30 बेड की सीएचसी में मात्र पांच बेड ही बचे हैं। जो महिलाओं को प्रसव कराने के लिए रखे गए हैं। इन पर बिछाने के लिए चादरें भी नहीं हैं। इससे मरीज अपने घरों से चादर लेकर आते हैं। 25 बेड कायमगंज सीएचसी को दे दिए गए हैं।
सीएमओ ने खड़े किए हाथ
सीएमओ डॉ. सतीश चंद्रा ने बताया कि आयुष चिकित्सक ही सही, कम से कम अस्पताल खुल तो रहा है। 130 पदों के सापेक्ष 50 डॉक्टर हैं। पिछले सप्ताह फिर शासन को पत्र लिखकर डॉक्टरों की मांग की है। डॉक्टर मिलने पर तैनाती की जाएगी।
कंपिल सीएचसी का भवन। संवाद- फोटो : FARRUKHABAD