फर्रुखाबाद। शमसाबाद ब्लाक क्षेत्र की ग्राम पंचायत दलेलगंज में विकास कार्यों में गबन के मामले में डीएम ने प्रधान, पूर्व प्रधान और पांच सचिवों को नोटिस जारी किया है। 15 दिन में संतोषजनक जवाब न मिलने पर सचिवों के वेतन से वसूली करने के आदेश दिए हैं।
ग्राम पंचायत दलेलगंज निवासी बेचेलाल, झब्बूलाल, राकेश आदि ने शिकायत की थी कि वर्ष 2016 से अब तक गांव में कराए गए विकास कार्यों में गबन किया गया है। बिना खुली बैठक धन आहरित कर लिया गया। इसके अलावा सचिवालय की मरम्मत नहीं कराई गई, पुराना खड़ंजा उखाड़कर उन्हीं ईंटों को दोबारा बिछा दिया गया और नई ईंटों का भुगतान लिया गया। बिना टेंडर व कुटेशन के स्ट्रीट लाइट व डस्टबिन लगवाने, मिट्टी का कार्य जेसीबी से कराने सहित 16 मामलों की शिकायत की थी।
दो सदस्यीय कमेटी की जांच में गबन का मामला पाया गया। कमेटी की जांच रिपोर्ट के आधार पर डीएम संजय कुमार सिंह ने गबन में दोषी पाए गए ग्राम प्रधान अनमोल कुमार, पूर्व प्रधान अनुज कुमार, सचिव राजेश यादव, तत्कालीन सचिव राकेश कुमार, राजीव गौतम, नृपेंद्र शर्मा व आनंद गंगवार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। 15 दिन में संतोषजनक जवाब न मिलने पर सचिवों के वेतन से और प्रधन व पूर्व प्रधान से भू-राजस्व की तरह वसूली करने के आदेश दिए हैं।