फर्रुखाबाद। जिला जेल में बवाल के सभी मुकदमों की जांच एसपी के आदेश पर सीओ कायमगंज को सौंप दी गई है। जेलर व सीओ सिटी ने बंदियों के खिलाफ आगजनी पथराव व जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कराया था। फतेहगढ़ कोतवाल ने जिला जेल से तमंचा व कारतूस बरामद होने का मुकदमा दर्ज कराया है।
जिला जेल के जेलर अखिलेश कुमार ने सात नवंबर को 27 नामजद बंदियों सहित कई अज्ञात के खिलाफ डकैती सहित 17 धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमे की जांच कर रहे कोतवाल जय प्रकाश पाल ने जेलर का लूटा गया मोबाइल बरामद कर लिया था। नौ नवंबर को सीओ सिटी प्रदीप सिंह ने अज्ञात बंदियों पर हमराह सिपाही नागेंद्र सहित खुद पर जानलेवा हमले के दौरान छीना-झपटी में स्वचलित असलाह से फायर होने का मुकदमा दर्ज कराया था।
10 नवंबर को फतेहगढ़ कोतवाल जय प्रकाश पाल ने जेल से तमंचा, तीन कारतूस, तीन कारतूस के खोखे बरामद होने का मुकदमा दर्ज कराया था। एसपी ने जेल के बवाल से संबंधित सभी मुकदमों की जांच सीओ कायमगंज सोहराब आलम को करने के आदेश दिए हैं। एसपी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि जेल से संबंधित मुकदमों की जांच सीओ कायमगंज करेंगे।