पोस्टमार्टम हाउस पर रोते बिलखते राजेश के परिजन। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद)। बाइक से घर लौटते समय सोमवार देर रात नलकूप विभाग के वरिष्ठ लिपिक की सड़क हादसे में मौत हो गई। कागजों से शिनाख्त कर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। एक्सईएन ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर परिजनों को आर्थिक मदद दी।
गांव शेखपुर निवासी राजेश कुमार (48) नलकूप विभाग में वरिष्ठ लिपिक थे। उनकी तैनाती भोलेपुर बेवर रोड स्थित खंड कार्यालय में थी। 22 नवंबर को सुबह वह बाइक से कार्यालय गए। वहां बाइक खड़ी कर ट्रेन से विभागीय कार्य से लखनऊ चले गए थे। रात को लौटने पर बाइक से घर जा रहे थे।
रात करीब 10:30 बजे इटावा-बरेली हाईवे पर गांव वनपोई के निकट किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। वाहन में फंसकर बाइक करीब ढाई किलोमीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में राजेश की मौत हो गई। राहगीर की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार बिंद मौके पर पहुंचे। मृतक के पास मिले कागजात से शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी। परिजनों के पहुंचने पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। राजेश हेलमेट लगाए थे।
राजेश के परिवार में पत्नी रामा देवी के अलावा पुत्र शिवम, शिवा, बेटी रचना व खुुशी हैं। भाई सरजू की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। अधिशासी अभियंता अनिल सिंह ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाकर आर्थिक मदद दी।
राजेश की फाइल फोटो। संवाद- फोटो : FARRUKHABAD