वेंडिंग जोन में ठेली लगाए लोग।
- फोटो : FARRUKHABAD
लाल सराय में शहर का पहला वेंडिंग जोन
फर्रुखाबाद। शहर को साफ सुधरा और जाम रहित करने के उद्देश्य से कई जगह वेंडिंग जोन चिह्नित किए गए हैं। शनिवार को लाल सराय में पुलिस की मदद से पालिका कर्मियों ने पहला वेंडिंग जोन शुरू करा दिया गया। इसमें आसपास सड़क किनारे लगने वाले हाथ ठेले लगवाए गए हैं। हां वेंडिंग जोन में मछली की दुकानें शिफ्ट करने पर दुकानदारों ने एतराज जरूर जताया।
नगर पालिका के आरआई वीरेंद्र पटेल, जेई गौरव मिश्र टीम लेकर शाम करीब 3:30 बजे लाल सराय पहुंचे। पुलिस के सहयोग से सड़क किनारे लगी दुकानों को वेंडिंग जोन में लगवाने लगे। कुछ दुकानदारों ने जाने से मना किया तो पुलिस ने सख्ती दिखाई। करीब 50 दुकानें फुटपथ से हटाकर वेंडिंग जोन में लगवा दी गईं।
वेंडिंग जोन में मछली की दुकान भी लगवा दी गई। इससे कुछ ग्राहक सब्जी और फल खरीदे बगैर लौट गए। इससे एक घंटे बाद दुकानदार फिर सड़क पर आ गए। पुलिस ने उन्हें फिर वेंडिंग जोन में भेजा। दुकानदारों ने मछली दुकानों को अलग करने या दीवार उठाने की मांग रखी है। आरआई ने कहा कि किसी भी दुकानदार की सभी मांगों को पूरा किया जाएगा। किसी को कोई परेशानी नहीं होगी। दुकानें वेंडिंग जोन में ही लगाएं।
ट्रांसपोर्टर के वाहन हटवाए
वेंडिंग जोन में ट्रांसपोर्टर के वाहन खड़े थे। आरआई ने ट्रांसपोर्टर को वाहनों को हटाने की हिदायत दी। कहा कि वाहनों से दुकानदारों और ग्राहकों को दिक्कत होगी। अब यदि वाहन खड़े मिलेंगे तो पालिका कानूनी कार्रवाई करेगी।