फर्रुखाबाद। पुलिस ने बसपा नेता डॉ. अनुपम दुबे के वकील के खिलाफ चार्जशीट लगा दी है। इसके विरोध में वकील शनिवार को न्यायिक कार्य से विरत रहे। साथ ही बार एसोसिएशन अध्यक्ष की अगुवाई में बैठक कर जिला जज और डीएम को पत्र भेजकर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी है।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कसरट्टा निवासी बसपा नेता डॉ. अनुपम दुबे ठेकेदार शमीम हत्याकांड में मैनपुरी जेल में बंद है। उसके खिलाफ रासुका समेत गई गंभीर अपराधों के मुकदमे विचाराधीन हैं। फतेहगढ़ के मोहल्ला सैनिक कालोनी निवासी वकील सोनू मिश्रा बसपा नेता के मुकदमे में पैरवी कर रहे हैं। दो माह पहले शहर कोतवाली में सोनू मिश्रा और उनके साले सहित कई लोगों के खिलाफ डकैती और मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया था।
मुकदमे की जांच कर रहे घुमना चौकी इंचार्ज ने घटनास्थल पर जांच करने के बाद मुकदमे से डकैती की धारा हटा दी थी। वकील सोनू मिश्रा ने घटना के दिन अपने घर और मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरे का रिकार्ड विवेचक को सुपुर्द कर बताया था कि वह उस दिन अपने घर पर थे। घटना से उनका कोई लेना-देना नहीं था। सोनू मिश्रा ने बताया कि विवेचक ने जांच में उनका नाम निकाल कर चार्जशीट लगा दी थी।
पुलिस अधिकारियों के दबाव पर सीओ सिटी के यहां से मुकदमे की जांच फिर से कराई गई। विवेचक ने अब उनके खिलाफ मारपीट व गाली गलौज में चार्जशीट लगा दी है। उन्होंने इसकी जानकारी बार एसोसिएशन अध्यक्ष विश्राम सिंह यादव व महासचिव संजीव पारिया को दी।
अध्यक्ष की अगुवाई में शनिवार को बार के सभागार में बैठक हुई। इसमें वकील सोनू के खिलाफ चार्जशीट लगाने पर एक दिन कार्य से विरत रहने की घोषणा की गई। वकीलों ने सुनवाई न होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी देकर जिला जज और डीएम को बार एसोसिएशन की ओर से पत्र भेजा है।