फर्रुखाबाद। मतदान के दूसरे दिन सोमवार की सुबह प्रत्याशियों ने परिजनों के साथ बिताई। इसके बाद समर्थक पहुंचने लगे तो मतदान पर चर्चा शुरू हो गई और जातिगत आंकड़ों पर गणित लगने लगा। समर्थक हर प्रत्याशी को जीत का गुणा-भाग समझाते रहे। इसी बीत मौका मिला तो नहाने के बाद किसी ने घर में पूजा की तो किसी ने मंदिर जाकर दर्शन किए। कई दिनों तक चुनावी भाग-दौड़ के बाद प्रत्याशी सुकून में दिखे।
भोजपुर सीट से भाजपा प्रत्याशी विधायक नागेंद्र सिंह राठौर फतेहगढ़ के जेएनवी रोड पर रहते हैं। सुबह 5:30 बजे उठे। योग किया। चाय पीने के बाद अखबार देखा। फिर परिजनों, पौत्र-पौत्री से बातचीत की। इसी बीच समर्थक आने लगे और अपने क्षेत्र और बूथों का रुझान देने लगे। मंदिर से पूजा-अर्चना के बाद वापस घर पहुंचे। इसी बीच तीन वर्षीय पौत्र अयांश आया तो विधायक ने उसे गोद में बैठा लिया। इससे वह खुश हो गया।
विधानसभा क्षेत्र अमृतपुर से भाजपा प्रत्याशी आवास विकास कालोनी निवासी विधायक सुशील शाक्य सुबह छह बजे उठे। दोपहर में वह समर्थकों के अपने आवास पर बैठे थे। उन्होंने बताया कि मतदान के बाद वह रात में जल्दी सो गए थे। व्यायाम किया और नौ बजे तक पूूजा-अर्चना कर तैयार हो गए। तब से आने वाले समर्थकों से मुलाकात व बातचीत चल रही है। चुनाव का फीडबैक भी लिया।
सपा और महान दल गठबंधन की सदर प्रत्याशी सुमन मौर्या सुबह सात बजे सोकर उठीं। वह साढ़े सात बजे कार्यालय पहुंचीं तो वहां समर्थक पहले से मौजूद थे। बातचीत के बीच उन्हीं के साथ चाय पी। बूथवार रिपोर्ट लेती रहीं। कहा कि कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों ने शानदार काम किया। उन्होंने कहा कि वह जमीन देख रही हैं। परिणाम जो भी हो। अब महानदल का राष्ट्रीय कार्यालय जिले से ही चलेगा। परिवार के साथ यहीं रहेंगी। (संवाद)
सदर सीट से बसपा प्रत्याशी विजय कटियार रविवार सुबह पौने सात बजे सोकर उठे। तब तक नेकपुर आवास पर बने कार्यालय में क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की भीड़ जमा हो गई। वह कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे और आभार जताया। साथ में चाय पी। साढ़े नौ बजे लखमियापुर गांव में एक अंत्येष्टि में शामिल हुए। घर आए, तो बूथवार रिपोर्ट बनाने में जुट गए। दोपहर में खाना खाने गए, तब तक कार्यकर्ताओं की भीड़ जमा हो गई।
कायमगंज। अपना दल प्रत्याशी डॉ. सुरभि ने मतदान के बाद देर रात तक समर्थकों से गांव की रिपोर्ट ली। सोमवार को कायमगंज में बने आवास पर सुबह छह बजे सोकर उठीं। पूजा पाठ के बाद नाश्ता किया। अखबार पड़ा, इस बीच समर्थकों के फोन आने लगे। बाहर निकलीं तो कुछ समर्थक आवास परिसर में बैठे मिले। उनसे बातचीत के बाद दोपहर 12 बजे के बाद वे अपने फर्रुखाबाद स्थित आवास पर पहुंच गईं। बेटी आहारिता का होमवर्क कराया। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान वे बेटी को को कम समय दे पाईं। (संवाद)
चुनाव परिणाम के बाद लेंगे ठोस फैसला
कायमगंज। सदर से कांग्रेस प्रत्याशी लुईस खुर्शीद सुबह सात बजे उठीं और चाय पी। इसके बाद खास समर्थकों के साथ चुनाव पर चर्चा की। नहा धोकर बाहर निकलीं तो गेट पर ही कुछ कार्यकर्ता मिल गए। एक ने कहा कि मैडम आगे की तैयारी करिये तो कहा चुनाव परिणाम के बाद ठोस फैसला लिया जाएगा। कार में बैठते समय कायमगंज की कांग्रेस प्रत्याशी शकुंतला देवी पहुंच गईं। बताया कि नवाबगंज स्थित आवास पर परिवार के साथ चाय-नाश्ता के बाद यहां आ गईं। लुईस खुर्शीद के साथ वे भी फर्रुखाबाद चली गईं। (संवाद)
समर्थकों के उत्साह ने बढ़ाया हौसला
कायमगंज। गांव पितौरा स्थित आवास पर सोमवार को सुबह सात बजे सपा प्रत्याशी सर्वेश आंबेडकर उठे और गुनगुना पानी पीने के बाद पत्नी ने चाय पिलाई। तब तक वहां समर्थकों ने डेरा जमा लिया। उनसे मुलाकात की। इसके बाद सभी को 11 बजे कंपिल रोड स्थित चुनाव कार्यालय पहुंचने को कहा। समय से वहां पहुंचे तो काफी समर्थक वहां मिले। उनके बीच बैठकर किस बूथ पर कितना वोट पड़ा। इसका डाटा नोट कराया। (संवाद)
खामोशी से हर वर्ग का मिला बसपा को वोट
कायमगंज। बसपा प्रत्याशी दुर्गा प्रसाद सुबह वे 6 बजे सोकर उठे। गांव बेला में अपने समर्थकों से बातचीत के बाद कार्यालय पहुंचे। वहां अपने कार्यकर्ताओं से बूथ पर पड़े वोटों की डिटेल ली। कहा कि अन्य पार्टियों के टिकट बटवारे ने उन्हें लाभ पहुंचाया है। 10 मार्च को परिणाम बताएंगे कि जनता ने किसे क्या दिया। कहा कि उन्हें हर वर्ग का वोट मिला है। (संवाद)
कमालगंज। भोजपुर सीट से सपा प्रत्याशी अरशद जमाल सिद्दीकी को पत्नी क्षेत्र पंचायत सदस्य हिना कौसर सिद्दीकी ने जगाकर चाय दी। चाय की चुस्कियों के साथ हिना से बातचीत करते हुए अरशद ने एक साल के बेटे मोहम्मद को दुलारा। इसके बाद पिता पूर्व विधायक जमालुद्दीन सिद्दीकी और छोटे भाई पूर्व ब्लाक प्रमुख राशिद जमाल सिद्दीकी से मिले। खुदागंज और कतरौली पट्टी में लोगों से मिलते हुए कमालगंज पहुंचे। (संवाद)
भोजपुर से बसपा प्रत्याशी आलोक वर्मा को छोटे बेटे आदित्य सिंह लोधी ने सुबह 7:30 बजे जगाकर पीने के लिए गर्म पानी का गिलास दिया। बड़ा बेटा आदित्य सिंह लोधी आ गया और कैसी रही वोटिंग पर सवाल करते हुए बतियाने लगा। आलोक ने इसके बाद मां पूर्व विधायक रामनंदिनी वर्मा और पिता पूर्व सांसद रामबख्श वर्मा के कमरे में जाकर आशीर्वाद लिया। फिर कस्बा स्थित कार्यालय पहुंचे।
भोजपुर से कांग्रेस प्रत्याशी अर्चना राठौर मायके मौधा गांव में सुबह छह बजे ही उठ गईं। सबसे पहले लखनऊ में पढ़ रही बेटी आरुषि को फोन किया। इसके बाद पिता शक्ति सैनिक इंटर कॉलेज मौधा के पूर्व प्रबंधक गजेंद्र सिंह से मिलीं। डाइनिंग टेबल पर बैठकर भाई पीयूष सिंह और उनकी शिक्षक पत्नी नेहा राठौर, विवेक सिंह व उनकी पत्नी क्षमा और उनके बच्चों के साथ चाय पी। इस दौरान क्षेत्र के कुछ लोग भी आ गए।
शहर की आवास विकास कालोनी स्थित अपने आवास पर बेटी को पढ़ातीं अपना दल प्रत्याशी डॉ. सुरभि। संवाद- फोटो : FARRUKHABAD
ायमगंज के कंपिल रोड पर चुनाव कार्यालय में समर्थकों से बातें करते सपा प्रत्याशी सर्वेश आंबेडकर। ?- फोटो : FARRUKHABAD
गांव पितौरा स्थित अपने आवास पर समर्थकों से बातें करतीं कांग्रेस प्रत्याशी लुईस खुर्शीद। संवाद- फोटो : FARRUKHABAD
कायमगंज स्थित चुनाव कार्यालय में समर्थकों से बात करते बसपा प्रत्याशी दुर्गा प्रसाद। संवाद- फोटो : FARRUKHABAD
नेकपुर स्थित कार्यालय में समर्थकों के साथ बैठे बसपा प्रत्याशी विजय कटियार। संवाद- फोटो : FARRUKHABAD