फर्रुखाबाद। पत्नी के साथ मारपीट करने के आरोपी भाजपा कार्यकर्ता को पकड़ने पर सभासद ने फोन पर सिपाही से अभद्रता की और उसे वर्दी उतारने की धमकी दी। धमकी देने का आडियो वायरल होने के बाद चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि सिपाही ने अभी तक कहीं शिकायत नहीं की है।
शहर के मोहल्ला नकरसा निवासी महिला ने बुधवार को भाजपा कार्यकर्ता पति के खिलाफ शहर कोतवाली की महिला हेल्पडेस्क पर मारपीट करने की शिकायत की थी। चौकी इंचार्ज के आदेश पर सिपाही महिला के पति को कोतवाली पकड़ ले गए। जानकारी होने पर एक विधायक के करीब सभासद ने सिपाही को फोन किया। सिपाही से कहा कि तुुम पार्टी के कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न कर रहे हो।
तुम्हारी कई शिकायतें मिल रहीं हैं। बिना दरोगा के आदेश के कार्यकर्ता को कैसे पकड़ा। सिपाही ने कहा कि दरोगा के आदेश पर ही पकड़ कर लाए हैं। इस पर भाजपा नेता ने सिपाही को कचहरी में वर्दी उतारने की धमकी दी। उसे चोर व भ्रष्टाचारी कह कर संबोधित किया। धमकी देने का आडियो वायरल हो गया है।