फर्रुखाबाद। विधानसभा चुनाव में भोजपुर सीट पर रोमांचक मुकाबला है। इस सीट पर राजनीति के पुराने खिलाड़ी दांव आजमा रहे हैं। कोई खिलाड़ी खुद ही चुनावी रण में है तो किसी ने अपने परिजन को अखाड़े में उतारा है। वहीं नये चेहरे भी ताल ठोक रहे हैं। अब देखना यह है कि जीत का सेहरा किसके सिर बंधता है।
भोजपुर विधानसभा सीट से इस बार 11 प्रत्याशी मैदान में हैं। इसमें भाजपा की टिकट पर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर अपनी सीट पर काबिज रहने के लिए पूरी ताकत झोंके हैं। वह राजनीति की हर चाल को बहुत ही सधे अंदाज में चल रहे हैं। समाजवादी पार्टी से पूर्व विधायक जमालुद्दीन सिद्दीकी के बेटे अरशद जमाल सिद्दीकी चुनावी रण में हैं। वह भी चुनाव जीतने के लिए दांव-पेंच लगाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
बसपा से राज्यसभा सदस्य रहे रामबक्श वर्मा के बेटे आलोक वर्मा भी जीत के लिए गणित भिड़ाने में जुटे हैं। वहीं कांग्रेस से अर्चना राठौर चुनावी रण में हैं। वह सपा सरकार में राज्य महिला आयोग की सदस्य रहीं हैं। वहीं प्रसपा से महिला मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद से इस्तीफा देकर कांग्रेस में शामिल हुई थीं। वहीं आम आदमी पार्टी से राहुल, आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन से तालिब सिद्दीकी, के अलावा रामतीर्थ, शैलेंद्र सिंह, एजाज अहमद, रिजवान व आलोक कुमार चुनाव मैदान में उतरकर अपना भाग्य आजमा रहे हैं।
भोजपुर विधानसभा सीट पर 1957 में पहला चुनाव हुआ। इसमें कांग्रेस ने परचम लहराया था। 1962 में भी भोजपुर में कांग्रेस का ही कब्जा रहा। इसी वर्ष हुए परिसीमन में भोजपुर का अस्तित्व समाप्त कर कमालगंज विधानसभा क्षेत्र बनाया गया था। 2012 के चुनाव में फिर भोजपुर विधानसभा क्षेत्र बना। इस सीट पर समाजवादी पार्टी से जमालुद्दीन सिद्दीकी विधायक चुने गए। 2017 के चुनाव में भाजपा से नागेंद्र सिंह राठौर ने कब्जा जमाया। उन्होंने सपा के अराशद जमला सिद्दीकी को 34877 वोटों से हराया था। इस बार फिर चुनावी रण में मुकाबला कर रहे हैं।
भोजपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल तीन लाख 17 हजार 510 मतदाता हैं। यहां 256 मतदान केंद्र व 374 बूथ हैं। 20 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। वर्ष 2017 के चुनाव में इस क्षेत्र के 34 बूथों पर 50 प्रतिशत से कम मतदान हुआ था। इसमें प्राथमिक विद्यालय हरकमपुर में मात्र 17.37 प्रतिशत ही वोटिंग हुई थी। 259 वोटरों में 45 ही मतदान करने पहुंचे थे।
वहीं बहोरनपुर टप्पा हवेली में बूथ संख्या 230 पर 35.79 प्रतिशत मतदान हुआ था। इसके अलावा 16 बूथों पर 45 प्रतिशत से नीचे और 16 बूथों पर 45 से 50 प्रतिशत के बीच मतदान रिकार्ड किया गया था। इस बार प्रशासन मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए पूरा जोर लगाए है। इन बूथों पर सीडीओ के नेतृत्व में गठित टीमें मतदाता जागरुकता अभियान चला रहीं हैं। वहीं अधिकारी मतदाताओं को वोट की ताकत का एहसास करा रहे हैं।
धियक नागेंद्र सिंह राठौर। संवाद- फोटो : FARRUKHABAD
अरशद जमाल सिद्दीकी। संवाद- फोटो : FARRUKHABAD
आलोक वर्मा। संवाद- फोटो : FARRUKHABAD