फर्रुखाबाद। अमृत महोत्सव के तहत बुधवार को शहर में तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें 75 मीटर लंबा तिरंगा झंडा और भारत माता, राष्ट्रभक्तों व महापुरुषों की झांकियां रथों पर सवार शामिल रहीं। जगह-जगह लोगों ने यात्रा पर फूलों की वर्षा कर झांकियों की आरती उतारी।
फतेहगढ़ स्थित डीएन महाविद्यालय में प्राचार्य डॉ. मनोज गर्ग ने यात्रा को झंडी दिखाई। जीजीआईसी की छात्राएं, जीआईसी, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राएं भारत माता, चंद्रशेखर आजाद, बाबा साहब आंबेडकर, भगत सिंह, सुभाषचंद्र बोस के रूपरूपों में सजे थे। हाथ में तलवार लिए घोड़े पर सवार महारानी लक्ष्मीबाई की झांकी देखती ही बन रही थी। छात्राएं व एनसीसी के कैडेट 75 मीटर लंबा राष्ट्रीय ध्वज लेकर चल रहे थे।
यात्रा मिलेट्री चौराहा, मुख्य बाजार, कोतवाली होती हुई डीएन कालेज में समाप्त हुई। भारत माता की आरती और वंदेमातरम जयघोष से साथ समापन हुआ। यात्रा में जिला संयोजक ऋषिदत्त शर्मा, सह संयोजक अनिल प्रताप सिंह, अनिल सिंह राठौर, राम बहादुर सिंह राठौर, देवेंद्र सिंह, डॉ. मुकेश सिंह राठौर, उदय प्रताप, सुमन राठौर, गिरजाशंकर आदि रहे।
कारगिल के शहीदों को दी श्रद्धांजलि
अंतरराष्ट्रीय न्यायिक मानवाधिकार संरक्षण ने सेनापति स्थित स्कूल में शहीद रघुनाथ शरन दीक्षित की पुण्यतिथि पर विजय दिवस की पूर्व संध्या पर दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जिलाध्यक्ष आदित्य दीक्षित, संरक्षक बाबी दुबे, हिंदू महासभा युवा प्रदेश अध्यक्ष विमलेेश मिश्र, सौरभ मिश्र ने भारत माता की आरती उतारी। शिवओम पांडेय ने भारत माता की पूजा की। राजू भारद्वाज, राममुरारी शुक्ला, कृष्णकांत अक्षर, आदित्य दीक्षित, प्रमोद, क्रांति पाठक, आदेश पांडेय, शिवम मिश्र आदि शामिल रहे।