लूट के बाद खड़ा धर्मेंद्र व आशा कार्यकर्ता शीतला देवी। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
शमसाबाद। बदमाशों ने दिनदहाड़े आशा कार्यकर्ता के कुंडल लूट लिए। भागते समय पीछा करने पर एक लुटेरे ने तमंचा तानकर जान से मारने की धमकी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद कायमगंज रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले, पर पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा है।
थाना व कस्बा के मोहल्ला बाग निवासी आशा कार्यकर्ता शीतला देवी ने गांव की रीता का दो जून को कायमगंज सीएचसी में प्रसव कराया था। गुरुवार सुबह शीलता बच्चे का जन्म प्रमाणपत्र लेने के लिए रीता के पति धर्मेंद्र के साथ बाइक से कायमगंज सीएचसी गईं थीं।
दोपहर वहां से धर्मेंद्र के साथ शीतला वापस आ रहीं थीं। इसी दौरान कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर गांव धमगवां के पास झन्नाखारे की पुलिया पर पीछे से आए एक बाइक सवार दो लुटेरों ने शीतला देवी के कान से झपट्टा मारकर कुंडल नोंच लिए। लुटेरे बाइक से गांव लहरा की ओर भागे। इस पर धर्मेंद्र ने लुटेरों का पीछा किया, तो बाइक पर पीछे बैठे लुटेरे ने तमंचा निकालकर तान दिया और जान से मारने की धमकी दी। इस पर धर्मेंद्र ने बाइक रोक दी और लुटेरे भाग गए।
धर्मेंद्र की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को थाने ले आई। एसओ ने घटना की जानकारी करने के बाद एसओजी प्रभारी बलराज भाटी व सर्विलांस प्रभारी जेपी शर्मा के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर कायमगंज मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। शीतला देवी ने अज्ञात के खिलाफ कुंडल लूटने की तहरीर दी। सीओ कायमगंज सोहराब आलम ने बताया कि लूट की घटना हुई है। पुलिस की टीमें खुलासे के लिए लगाई गईं हैं।