फर्रुखाबाद। जनपद में बड़ी संख्या में शस्त्र धारकों ने लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं कराया है। अब उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है। सिटी मजिस्ट्रेट शस्त्र धारकों को नोटिस जारी कर रहे हैं।
जनपद में करीब 18 हजार शस्त्र लाइसेंस हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर सिटी मजिस्ट्रेट ने लाइसेंसों की कुंडली खंगालने का काम शुरू कराया तो बड़ी संख्या में लाइसेंसों का नवीनीकरण ही नहीं कराया गया। कई शस्त्र लाइसेंस का तो दशकों से नवीनीकरण नहीं कराया गया। बताया जा रहा है कि नवीनीकरण न कराने वाले शस्त्र धारकों की संख्या हजारों में है।
सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार बंसल ने बताया कि बड़ी संख्या में शस्त्र लाइसेंसों का नवीनीकरण नहीं कराया गया है। वह शस्त्रधारकों को नोटिस जारी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यदि शीघ्र ही शस्त्र लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं कराया गया तो सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। वह जिलाधिकारी को अपनी रिपोर्ट भेज देंगे।