फतेहगढ़ स्थित कचहरी में पेशी पर जाते बसपा नेता डॉ. अनुपम दुबे। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। शमीम हत्याकांड में आरोपी बसपा नेता डॉ. अनुपम दुबे को कड़ी सुरक्षा में जिला जज की अदालत में पेश किया गया। गवाह न आने से मुकदमे में गवाही नहीं हो सकी। जिला जज ने गवाही के लिए 11 नवंबर की तारीख लगाई है और गवाह को पेश करने का आदेश पुलिस प्रशासन को दिया है।
ठेकेदार शमीम हत्याकांड के मुकदमे की सुनवाई जिला जज की अदालत में हो रही है। इस मुकदमे के आरोपी फतेहगढ़ क्षेत्र के मोहल्ला कसरट्टा निवासी बसपा नेता डॉ. अनुपम दुबे मैनपुरी जेल में निरुद्घ हैं। मंगलवार को मुकदमे में गवाही होनी थी। बसपा नेता को मैनपुरी जेल से कड़ी सुरक्षा में जिला जज की अदालत में लाया गया।
सीओ और फतेहगढ़ कोतवाल पुलिस बल के साथ कचहरी परिसर में डटे रहे। जिला जज की कोर्ट में अनुपम दुबे की पेशी हुई, लेकिन गवाह के न आने से मुकदमे में गवाही नहीं हो सकी। इससे जिला जज चवन प्रकाश ने गवाही के लिए 11 नवंबर की तारीख लगा दी है। पुलिस प्रशासन को गवाही के लिए गवाहों को सुरक्षा में पेश करने का आदेश दिया है।
धोखाधड़ी के मुकदमे में डब्बन की हुई पेशी
फर्रुखाबाद। बसपा नेता के भाई डब्बन दुबे की धोखाधड़ी के मुकदमे में एफटीसी कोर्ट में पेशी हुई। उनको कड़ी सुरक्षा में कासगंज जेल से लाकर कोर्ट में पेश किया गया। मुकदमे में 16 नवंबर की तिथि लगाई गई है।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कसरट्टा निवासी बसपा नेता अनुपम दुबे के भाई अनुराग दुबे उर्फ डब्बन कासगंज जिला जेल में निरुद्घ हैं। उनको मंगलवार को कड़ी सुरक्षा में कासगंज से एफसीटी कोर्ट फतेहगढ़ में धोखाधड़ी के मुकदमे में पेशी के लिए लाया गया। कोर्ट में पेशी के बाद पुलिस सुरक्षा में कासगंज जेल भेज दिया गया है। (संवाद)